जनगणना 2027 : जिला कलक्टर ने प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर ली समीक्षा बैठक

कोई घर ना छूटे थीम के साथ 16 मई से प्रारम्भ होगा मकान सूचीकरण कार्य

हर घर तक पहुंचे जनगणना दल, गुणवत्ता से हो सर्वे कार्य – जिला कलक्टर श्री लोक बंधु

     अजमेर, 9 मई। जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री लोक बंधु की अध्यक्षता में शनिवार को जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए 15 मई तक संचालित स्वगणना अभियान में गति लाने के निर्देश दिए।

      जिला कलक्टर ने कहा कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण की थीम कोई घर ना छूटे निर्धारित की गई है। इसके तहत प्रत्येक मकान एवं परिवार का सही एवं गुणवत्तापूर्ण सर्वे सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने आमजन को स्वगणना के लिए प्रेरित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

     इसके लिए नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों पर बैनर लगाने तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से जनजागरूकता जिंगल्स प्रसारित करने को कहा। साथ ही सभी सरकारी कार्मिकों से शत-प्रतिशत स्वगणना करवाने एवं मीडिया के सहयोग से आमजन तक जानकारी पहुंचाने को निर्देशित किया।

     बैठक में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना तथा द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। 16 मई से 14 जून तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा मकान सूचीकरण कार्य किया जाएगा।

     जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र का प्रभावी सीमांकन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी ब्लॉक में ओवरलैपिंग नहीं हो। कोई भी क्षेत्र एवं मकान सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिए।

     उन्होंने प्रतिदिन न्यूनतम 10 परिवारों का गुणवत्तापूर्ण सर्वे करने, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने, कुल प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का 10 प्रतिशत रिजर्व रखने तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

     इसके अतिरिक्त किटों का समय पर वितरण तथा आवश्यकतानुसार कम-अधिक सामग्री की सूचना भेजने के निर्देश भी प्रदान किए गए।

     बैठक में उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक फूल सिंह ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण की अब तक की प्रगति प्रस्तुत की।

     इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सुश्री ज्योति ककवानी, जिला समन्वयक श्री युधिष्ठिर प्रसाद वर्मा, सहायक निदेशक श्री अमृत लाल खटीक, उपायुक्त श्रीमती नीलू गुर्जर सहित जिले के समस्त चार्ज अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

error: Content is protected !!