एमडीएस विश्वविद्यालय में अनुकम्पात्मक नियुक्तियाँ

कुलगुरु प्रो. अग्रवाल के कार्यकाल में कर्मचारियों के परिवारों को मिला संबल

प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल

अजमेर। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू), अजमेर में कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल के कार्यकाल में दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को शीघ्रतिशीघ्र अनुकम्पात्मक नियुक्तियाँ प्रदान कर मानवीय एवं कर्मचारी हितैषी प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। ये नियुक्तियाँ “विश्वविद्यालय में कर्मचारियों के आश्रितों की अनुकम्पात्मक नियुक्ति नियम, 1996” के तहत नियमानुसार स्वीकृत की गई हैं। कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है। विश्वविद्यालय अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रबंधन बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत कर नियुक्तियों को स्वीकृति दी गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्वर्गीय श्री शंकर सिंह के आश्रित पुत्र श्री भवानी सिंह रावत को सहायक कर्मचारी, स्वर्गीय श्री राजकुमार खांडे के आश्रित पुत्र श्री रितेश खांडे को कनिष्ठ सहायक तथा स्वर्गीय श्री हरि शंकर के आश्रित पुत्र श्री बाल गोविन्द यादव को सहायक कर्मचारी पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। कुलसचिव कैलाश चन्द्र शर्मा ने कहा कि कुलगुरु प्रो. अग्रवाल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कर्मचारी हितों और मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि अनुकम्पात्मक नियुक्तियाँ केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि कर्मचारियों के परिवारों के प्रति विश्वविद्यालय की संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक हैं। ऐसी पहलें कर्मचारियों और संस्थान के बीच विश्वास, सम्मान और आत्मीयता को मजबूत करती हैं। शिक्षा जगत में भी एमडीएस विश्वविद्यालय की इस कर्मचारी कल्याण आधारित पहल को सकारात्मक और प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!