विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी एवं नवाचार आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश का मिलेगा अवसर
अजमेर, 06 जून। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा एवं उच्च शिक्षा के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, सर्टिफिकेट एवं पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथियों को बढ़ा दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर लाभ उठाने की अपील की है।
विश्वविद्यालय के प्रवेश संयोजक प्रो. सुभाष चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर एवं विभिन्न सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब 21 जून 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://mdsuajmer.ac.in/
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में वर्तमान समय की आवश्यकता एवं रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अनेक नवाचार आधारित एवं कौशल उन्मुख पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें B.Sc. Naturopathy and Yogic Science, Yoga Instructor Course, सिंधी में सर्टिफिकेट प्रोग्राम, Birding Certificate Course, AI एवं Cyber Security Certificate Course, B.Sc. Environmental Science, B.Pharma, D.Pharma तथा B.Sc. Food Science and Nutrition जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम शामिल हैं।
प्रो. सुभाष चंद्र ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं कौशल विकास के साथ आधुनिक रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कर इन अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार विभिन्न स्नातकोत्तर एवं पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि संबंधित विभागों में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एवं काउंसलिंग प्रक्रिया 02 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
स्नातकोत्तर स्तर पर संचालित प्रमुख पाठ्यक्रमों में एमएससी बॉटनी, पर्यावरण विज्ञान, खाद्य एवं पोषण, भूगोल, गणित, माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, केमिस्ट्री एवं अप्लाइड केमेस्ट्री, रिमोट सेंसिंग एवं जियो इन्फॉर्मेटिक्स, प्राणी शास्त्र, एमकॉम IAFM एवं ABST, एमटेक कंप्यूटर साइंस, MCA, MCA Data Science, एमए हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, लाइब्रेरी साइंस, MBA Service Management एवं Executive Program, राजनीति विज्ञान, जनसंख्या अध्ययन, सोशल वर्क, संस्कृत वैदिक वाङ्मय, योग स्टडीज एवं थेरेपी मैनेजमेंट तथा पत्रकारिता एवं मास कम्युनिकेशन जैसे विविध विषय शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय द्वारा डिजास्टर मैनेजमेंट, इंडस्ट्रियल सेफ्टी हेल्थ, खाद्य एवं पोषण, एनवायरमेंटल लॉ तथा योग एजुकेशन सहित विभिन्न विषयों में पीजी डिप्लोमा कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं, जो विद्यार्थियों को व्यावसायिक दक्षता एवं करियर उन्नयन के नए अवसर प्रदान करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर विश्वविद्यालय के रोजगारपरक, नवाचार आधारित एवं बहुआयामी शैक्षणिक कार्यक्रमों का लाभ उठाएं।