‘समृद्ध भारत की विरासत–योग’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित

योग दिवस के तहत विविध प्रतियोगिताओं की श्रृंखला जारी

57 विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, योगासन टूर्नामेंट में बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अवसर

अजमेर, 18 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के काउंटडाउन कार्यक्रमों के अंतर्गत महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के योग विज्ञान एवं मानवीय चेतना विभाग द्वारा ‘समृद्ध भारत की विरासत–योग’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों तथा पूर्व छात्र-छात्राओं सहित कुल 57 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग की भारतीय परंपरा, सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

विभाग के प्रभारी डॉ. आशीष पारीक ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप जन-जागरण एवं योग के व्यापक प्रसार हेतु सामुदायिक भवन, शास्त्री नगर, शिवपुरी कॉलोनी, मीरशाली तथा महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के पतंजलि भवन में नियमित योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक सहभागिता कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इसी श्रृंखला के अंतर्गत 19 जून को योग विभाग में पुरुष एवं महिला योगासन टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। विशेष बात यह है कि प्रतियोगिता में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भी भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता सभी के लिए खुली है तथा प्रतिभागियों का पंजीकरण गूगल फॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि आज शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।

डॉ. पारीक ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निबंध प्रतियोगिता, योगासन वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता एवं योगासन प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। विभाग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योग की भूमिका को सशक्त बनाना है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!