_*आरपीएससीः-आयोग अध्यक्ष श्री उत्कल रंजन साहू का विदाई समारोह आयोजित*_

अजमेर 19 जून। राजस्थान लोक सेवा आयोग अध्यक्ष श्री उत्कल रंजन साहू के कार्यकाल के समापन अवसर पर आयोग कार्मिकों द्वारा समारोह आयोजित कर उन्हें विदाई दी गई।
_*कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि:-*_
आरपीएससी की विश्वसनीयता और साख को बनाए रखना ही आयोग की सबसे बड़ी पूंजी है। विगत एक वर्ष के कार्यकाल में सभी सदस्यों एवं कार्मिकों के सहयोग से आयोग की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार आया है। बेरोजगार अभ्यर्थियों को शुचितापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से रोजगार देना एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है, जिसे आयोग पूरी निष्ठा से निभा रहा है।
श्री साहू ने प्रशासनिक पारदर्शिता पर बल देते हुए कहा कि आयोग के गोपनीय कार्यों को पूरी तरह नियमों और एसओपी के दायरे में ही संपादित किया जाना चाहिए। व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के लिए अब हर स्तर पर लिखित रिकॉर्ड और जवाबदेही तय की गई है। परीक्षा लीक एवं अन्य विसंगतियों पर सरकार का कानून बेहद सख्त है, अतः किसी भी स्तर पर होने वाली चूक कार्मिक के सेवा रिकॉर्ड और जीवन को प्रभावित कर सकती है। आयोग परिसर के भीतर केवल नियम और तय प्रक्रिया ही सर्वोपरि होनी चाहिए, जहाँ व्यक्तिगत संबंधों अथवा सिफारिशों का कोई भी स्थान नहीं है।
अंत में उन्होंने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान मिले प्रशासनिक सहयोग के लिए सभी सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा आयोग की साख को निरंतर नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में आयोग सदस्य ले. कर्नल श्री केसरी सिंह, डॉ सुशील कुमार बिस्सु, डॉ अशोक कुमार कलवार तथा श्री हेमंत प्रियदर्शी ने कहा कि संपूर्ण आयोग परिवार आयोग अध्यक्ष के रूप में श्री साहू जी की सेवाओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए इनके सुखद भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता है।
अपने संबोधन में आयोग सचिव श्री रामनिवास मेहता एवं मुख्य परीक्षा नियंत्रक श्री आशुतोष गुप्ता ने श्री साहू की समयबद्धता एवं कार्य के प्रति निष्ठा का उल्लेख करते हुए आयोग के कार्यों में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
समारोह में आयोग के कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्री साहू को साफा पहनाकर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। राजपत्रित अधिकारी संघ की और से श्री दयाकर शर्मा एवं मंत्रालयिक कर्मचारी संघ अध्यक्ष श्री नरेंद्र ने माल्यार्पण कर श्री साहू का अभिनंदन किया । कार्यक्रम दौरान मंच संचालन अनुभाग अधिकारी श्री दिनेश सिंगोदिया द्वारा किया गया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!