मंगलवार को भी मिलेगी जन-जन को राहत
अजमेर, 6 जुलाई। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान करने के लिए मंगलवार 7 जुलाई को भी ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से राहत प्रदान की जाएगी।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि अभियान के तहत 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सोमवार से शुक्रवार तक ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार 7 जुलाई को उपखण्ड क्षेत्र अजमेर की भूडोल एवं नारेली, अरांई की मण्डावरिया, भिनाय की बान्दरवाडा, केकड़ी की निमोद, नसीराबाद की झडवासा, रूपनगढ़ की सुरसुरा, सरवाड़ की डबरेला, सावर की पिपलाज, पीसांगन की मांगलियावास ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरीय निकायों में शहरी सेवा शिविरों का आयोजन वार्डवार किया जाएगा।
सफलता की कहानी-1
पट्टा वितरण कर राहत दिलाई
राज्य की संवदेनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याण की विभिन्न योजनाओं, फ्लेगशिप योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस पंचायत समिति सावर की ग्राम पंचायत मेहरूकला में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत मेहरूकला के ग्राम मेहरूकला निवासी हेमराज कुमावत को शिविर प्रभारी भगवती प्रसाद वेष्णव, कार्यवाहक उपखण्ड अधिकारी, सावर द्वारा पट्टा प्रदान किया गया। शिविर के दौरान हेमराज कुमावत को पट्टा प्रदान किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हेमराज कुमावत ने राजस्थान सरकार व प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा बताया कि मै पट्टे हेतु कई दिनों से परेशान हो रहा था। पट्टा प्राप्त होने से मुझे अपने घर का मालिकाना हक प्राप्त हो गया है व लम्बे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद का भी निस्तारण हो सकेगा।
हेमराज कुमावत ने पुनः सरकार द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर की प्रशंसा की और सभी को धन्यवाद् ज्ञापित किया।
सफलता की कहानी-2
सूचना की चमक से बदली सीता देवी की खेती
ग्राम पंचायत त्योद, रूपनगढ़ में ग्रामीण सेवा समिति 2026 का आयोजन किया गया। सीता देवी/ रामलाल निवासी त्योद पिछले 10 वर्षों से पारंपरिक तरीके से खेती कर रहे थे। धीरे धीरे कुएं में पानी कम होने लगा जिससे सिंचाई की समस्या आने लग गई। सिंचाई के अभाव में उत्पादन कम होने लगा।
सीता देवी ने कृषि विभाग में कृषि पर्यवेक्षक से फॉर्म पौंड पर मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी ली और ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के पश्चात इनका नंबर आने पर फॉर्म पौंड का निर्माण करवाया। फार्म पौंड पर अनुदान (1,35,000 रुपए) लिया और पौंड निर्माण से सिंचाई की समस्या का समाधान किया। उन्होंने अपने फोन में कृषि विभाग के ऎप्स डाउनलोड किए ताकि वे भविष्य में सीधे जुड़े रह सकें। सिंचाई के लिए उचित मात्रा में जल मिलने से फसल से पैदावार में 30 प्रतिशत तक बढ़ती हुई।
सीता देवी अपने गाँव के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं। वे कहते हैं कि कृषि विभाग द्वारा दिया गया अनुदान हमारे लिए कारगर साबित हुआ और हमारा उत्पादन बढ़ाकर हमे आत्मनिर्भर बना दिया है।
सफलता की कहानी-3
प्रधानमंत्री सिंचाई योजना का मिला अनुदान
ग्राम पंचायत काकलवाडा, अरांई में ग्रामीण सेवा समिति 2026 का आयोजन किया गया। शिविर में कृषक रायमल / रामलाल जाट ने कृषि विभाग राजस्थान सरकार द्वारा संचालित राज किसान सार्थी पोर्टल के माध्यम से सिंचाई पाईपलाईन हेतु आवेदन किया। जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति 2025-26 हेतु जारी की गई। जिस हेतु स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक द्वारा कार्य करने हेतु विभागीय दिशा निर्देशों की जानकारी दी गई। कृषक द्वारा सिंचाई पाइपलाईन प्री करने के उपरांत स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। कृषि पाईप लाईन से कृषक के पानी की बचत हुई और कृषक को सिंचाई पाइप लाईन पर प्रधानमंत्री सिंचाई योजना से 40 प्रतिशत अनुदान प्राप्त हुआ। लाभार्थी द्वारा अनुदान दिलवाने के लिये स्थानीय कृषि पर्यवेक्षक और सहायक कृषि अधिकारी का आभार व्यक्त किया गया।
सफलता की कहानी-4
ग्राम पंचायत लामाना द्वारा निक्षय पोषण किट जारी किया गया
ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के दौरान तहसील पीसांगन के ग्राम पंचायत लामाना में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में ग्राम अमरगढ़ निवासी भंवर सिंह पुत्र श्री शंकर सिंह सिंह को टीबी बीमारी के तहत निक्षय पोषण किट का वितरण किया। इस कार्य के लिए प्रार्थी ने राजस्थान सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा द्वारा चलाये जा रहे ग्राम सेवा शिविर की प्रशसां की और हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सफलता की कहानी-5
ग्रामीण सेवा शिविर से मिला मालिकाना हक, वर्षों की चिंता हुई दूर
सरवाड़ की ग्राम पंचायत गोयला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान निवासी श्रीमती लाडा कुम्हार/श्री प्रताप कुम्हार को उनके आवास का पट्टा जारी किया गया। जिससे उन्हें अपने निवास स्थान का विधिवत मालिकाना हक प्राप्त हुआ।
लाभार्थी ने बताया कि उनके परिवार के पास लंबे समय से मकान का पट्टा नहीं था। इसके कारण उन्हें अपने ही निवास स्थान पर स्वामित्व का अधिकार प्राप्त नहीं था और भविष्य को लेकर चिंता बनी रहती थी। ग्रामीण सेवा शिविर में उनकी समस्या का त्वरित समाधान करते हुए शिविर प्रभारी की उपस्थिति में विकास अधिकारी श्री सोनराज मीणा, प्रशासक श्री रामदेव गुर्जर तथा ग्राम विकास अधिकारी सुश्री सरिता चौधरी द्वारा आवासीय पट्टा जारी किया गया।
पट्टा प्राप्त होने पर लाभार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने घर का विधिक मालिकाना हक मिल गया है, जिससे परिवार की वर्षों पुरानी चिंता समाप्त हो गई है। उन्होंने राज्य सरकार, शिविर प्रभारी तथा शिविर में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।