मंडल रेलवे अस्पताल, अजमेर में चिकित्सा जगत की सबसे उन्नत ‘नैनोस्कोपिक रिस्ट जॉइंट सर्जरी’ सफलतापूर्वक की गई है।
एक बुजुर्ग महिला मरीज पिछले छह महीनों से अपने बाएं हाथ की कलाई, अंगूठे और उंगलियों में सुन्नपन, झुनझुनी और तेज दर्द की समस्या से परेशान थीं। इस वजह से उन्हें अपने दैनिक कामकाज करने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कई जगहों पर इलाज कराया और दवाइयों से ठीक होने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद वे मंडल रेलवे अस्पताल, अजमेर के ऑर्थोपेडिक्स (अस्थि रोग) विभाग में आईं। यहाँ डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उन्हें बाईं कलाई में ‘कार्पल टनल सिंड्रोम’ से पीड़ित पाया और ‘नैनोस्कोपिक कार्पल टनल रिलीज’ (एनसीटीआर) प्रक्रिया के जरिए इलाज की योजना बनाई।
वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक्स, आर्थ्रोस्कोपी एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन सलाहकार डॉ. राज कुमार मीणा के नेतृत्व में इस जटिल और आधुनिक ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया (बेहोशी) का प्रबंधन वरिष्ठ एनेस्थीसिया सलाहकार डॉ. प्रिया गर्ग द्वारा किया गया।
नैनोस्कोपिक कार्पल टनल रिलीज (एनसीटीआर) एक बेहद सूक्ष्म सर्जरी है। इसमें बालों जितने पतले ‘नैनो नीडल स्कोप’ और एक विशेष हैंडहेल्ड कटिंग डिवाइस का उपयोग किया जाता है। सर्जन एक बेहद छोटे चीरे के माध्यम से अंदर से कार्पल टनल को देखते हैं और मीडियन नर्व (मुख्य नस) पर बने दबाव को कम करने के लिए ‘ट्रांसवर्स कार्पल लिगामेंट’ को काटते हैं।नइस माइक्रो-इनवेसिव प्रक्रिया में बड़े चीरों के बजाय, मात्र 1.9 मिलीमीटर के सुई के आकार के कैमरे का उपयोग किया जाता है। इसके कारण मरीज को नाममात्र का दर्द होता है, न के बराबर दाग आते हैं और रिकवरी बेहद तेजी से होती है। इस सफल सर्जरी के साथ ही मंडल रेलवे अस्पताल, अजमेर देश के उन गिने-चुने चुनिंदा केंद्रों में शामिल हो गया है जहाँ इतनी उन्नत सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है।
मंडल रेल प्रबंधक अजमेर, श्री राजू भूतड़ा और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. आर. ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन और निर्देशन में मंडल रेलवे अस्पताल को पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित किया गया है।
वर्तमान में इस अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स के क्षेत्र में टोटल नी रिप्लेसमेंट, टोटल हिप रिप्लेसमेंट, जनरल सर्जरी में लैप्रोस्कोपिक (दूरबीन) सर्जरी और नेत्र रोग विभाग में फैको सर्जरी जैसी कई उन्नत प्रक्रियाएं नियमित रूप से की जा रही हैं। इस प्रकार अब मरीजों को अजमेर में ही उच्च स्तरीय और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल पा रहा है।
मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर