अजमेर उत्तर को मिली बड़ी सौगात : 7.11 करोड़ लागत से चामुंडा तिराहे से वरूण सागर गेट तक बनेगी सड़क

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया शिलान्यास

श्री देवनानी का जेसीबी से फूल बरसा कर ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

     अजमेर, 28 जुलाई। अजमेर से पुष्कर की कनेक्टीविटी को तेज व सुगम बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत अजमेर उत्तर क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को चामुंडा तिराहे से वरूण सागर तक 7.11 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क व नाले के काम का शिलान्यास किया। ग्रामीणों ने श्री देवनानी का जेसीबी से पुष्प वर्ष कर स्वागत किया।

     इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि 7 करोड़ 11 लाख रुपए की भारी लागत से यह बेहतरीन सड़क बनेगी एवं इसके साथ ही पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए फुटपाथ एवं जल निकासी के लिए मजबूत नाले का निर्माण भी किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण मार्ग के पूरी तरह से बन जाने के पश्चात् यहाँ से पुष्कर जाने का मार्ग ओर अधिक सुगम एवं चौड़ा हो जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों एवं बाहर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।

     उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए वरूण सागर से लक्की चौराहा, खरेकड़ी एवं अजयसर मार्ग पर सड़क निर्माण की स्वीकृति पहले ही हो चुकी है एवं अजमेर विकास प्राधिकरण यह पूरा काम करवा रहा है। भविष्य की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में टेलीफोन एक्सचेंज से चामुंडा तिराहे तक भी मुख्य सड़क को चौड़ी किया जाएगा। इससे जाम की पुरानी समस्या समाप्त हो जाएगी। उत्तर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क निर्माण कार्यों पर 200 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है एवं आमजन की सुविधा के लिए 70 करोड़ रुपए की लागत से मजबूत नाले भी बन रहे हैं।

     उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए 22 करोड़ 60 लाख रुपए से आनासागर के नालों को जोड़ने का महत्वपूर्ण काम होगा एवं इसके साथ ही 150 करोड़ रुपए के ड्रेनेज निर्माण के विशेष प्रस्ताव भी तैयार किए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में ऎतिहासिक कदम उठाते हुए 20 करोड़ रुपए की लागत से हाथी खेड़ा में एक बालिका सैनिक स्कूल बन रहा है एवं 32 करोड़ रुपए की लागत से वरूण सागर एवं अन्य जलस्त्रोतों की डिसिल्टिंग का कार्य भी प्रमुखता से होगा। चिकित्सा सुविधाओं को अत्यधिक बेहतरीन बनाने के लिए 240 करोड़ रुपए की लागत से जेएलएन अस्पताल का तीव्र विकास किया जाएगा। शिक्षा, पर्यटन, चिकित्सा, आईटी, रोजगार, अध्यात्म एवं आधारभूत संरचनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

     उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ ढाई साल हुए हैं एवं आने वाले समय में विकास की यह रफ्तार और तेज होगी तथा और अधिक कार्य होंगे। इस शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान श्री देवनानी का जेसीबी से फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया।

     इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!