वेस्ट जोन जूडो प्रतियोगिता में भंवरलाल गोठी स्कूल ने रचा कीर्तिमान, 7 पदकों के साथ बढ़ाया प्रदेश का मान

ब्यावर: गुजरात के वडोदरा में आयोजित सीबीएसई वेस्ट जोन जूडो प्रतियोगिता 2026 में भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, शहर एवं राजस्थान का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 3 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में अंडर-19, 36 किलोग्राम भार वर्ग में अंशिका गहलोत ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार शुरुआत की। वहीं अंडर-19, 45 किलोग्राम भार वर्ग में कनक चौहान ने भी स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंडर-11, 44 किलोग्राम भार वर्ग में ऋत्विका भट्ट ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ऋत्विका अब आगामी राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता (हरियाणा) में वेस्ट जोन एवं राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
अंडर-19, 44 किलोग्राम भार वर्ग में प्राची सोनी ने रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। इसके अलावा अंडर-19, 48 किलोग्राम भार वर्ग में सोनाक्षी तिवारी, अंडर-17, 52 किलोग्राम भार वर्ग में निकुंज गहलोत तथा अंडर-19, 66 किलोग्राम भार वर्ग में रेयंक शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चाँद लगा दिए।
विद्यालय प्राचार्य धर्मेन्द्र शर्मा ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने वेस्ट जोन जूडो प्रतियोगिता में जो उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। 7 पदकों की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक भी है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, शहर एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राजस्थान एवं विद्यालय का नाम देशभर में रोशन करेंगे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!