भीलवाड़ा में जनता के मुद्दों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

भीलवाड़ा, 3 अगस्त। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी पंचायत व नगर पालिका चुनाव को लेकर भीलवाड़ा देहात जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में हरनी महादेव मंदिर की धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी नसीम अख्तर इंसाफ, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामलाल जाट तथा सह प्रभारी कैलाश झालीवाल ने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के इन मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से उठाती रहेगी।
नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान, छोटे व्यापारियों तथा मध्यम वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित किया है। खाद्य सामग्री, रसोई गैस, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपज का उचित मूल्य चाहता है, मजदूर सम्मानजनक मजदूरी और रोजगार चाहता है, व्यापारी सरल कर व्यवस्था तथा स्थिर बाजार की अपेक्षा रखता है, जबकि देश का युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बाद रोजगार के पर्याप्त अवसर चाहता है।
वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, पेपर लीक की घटनाएं, बढ़ती फीस, निजीकरण तथा रोजगार की कमी जैसे मुद्दों ने छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को बढ़ाया है। उनका कहना था कि सरकार को रोजगार सृजन और युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के अनेक क्षेत्रों में आज भी पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जनता शिकायत करती है। इन बुनियादी सुविधाओं में और सुधार करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मुद्दों पर खुली चर्चा और जवाबदेही आवश्यक है। हाल के छात्र आंदोलनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं की रोजगार और शिक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है तथा यदि कहीं बल प्रयोग या कार्रवाई हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आव्हान किया है कि आगामी पंचायत व नगर पालिका के चुनाव में जनता से जुड़े मुद्दों को महंगाई, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान, मजदूर और व्यापारी—को मजबूती से उठाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश तभी आगे बढ़ेगा जब प्रत्येक युवा को अवसर, प्रत्येक किसान को समृद्धि, प्रत्येक मजदूर को सम्मान और प्रत्येक नागरिक को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों।
इस अवसर पर भूत कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र त्रिवेदी, नरेंद्र रेगर,मनीष जीनगर,कैलाश व्यास, भगवान मुक्कड़,सुशीला मधु जाजू,महेश सोनी, महावीर सुवालका  प्रधान,नगर पालिका चेयरमैन,ब्लॉक अध्यक्ष,मंडल अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!