अजमेर 4 अगस्त 2026 राजस्थान महिला कल्याण मंडल, अजमेर को दिव्यांगजनों के समावेशन (इन्क्लूजन) और अधिकारो के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए वर्ल्ड इन्क्लूजन कॉन्फ्रेन्स इण्डिया 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
यह राष्ट्रीय सम्मान इन्टरनेशनल फोरम ऑफ इन्क्लूसन (आई.एफ.आई.पी.) यूनाईटेड किंगडम के द्वारा नई दिल्ली में आयोजित विश्व स्तरीय इनक्लूजन कॉन्फ्रेंस इंडिया 2026 के दौरान प्रदान किया गया। संस्था की ओर से यह सम्मान सचिव व मुख्य कार्यकारी श्रीमती क्षमा कौशिक एवं निदेशक श्री राकेश कुमार कौशिक ने आई.एफ.आई.पी के अध्यक्ष श्री डेनियल जोरा से यशोभूमि नई दिल्ली मे आयोजित भव्य कार्यक्रम मे प्राप्त किया।
राजस्थान महिला कल्याण मंडल पिछले कई वर्षों से दिव्यांग बच्चों एवं व्यक्तियों के लिए शिक्षण, प्रशिक्षण, थेरेपी, पुनर्वास और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा वर्तमान में लगभग 3700 दिव्यांग बच्चों को प्रत्यक्ष रूप से शिक्षण, प्रशिक्षण एवं पुनर्वास सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। वहीं थैरेपी ऑन व्हील कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांग बच्चों तक फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी एवं अन्य आवश्यक सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। संस्था द्वारा समावेशी शिक्षा, प्रारंभिक हस्तक्षेप, दिव्यांगजनों के कौशल विकास, आजीविका संवर्धन और समुदाय आधारित पुनर्वास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।
इस अवसर पर श्रीमती कौशिक ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान केवल राजस्थान महिला कल्याण मंडल का सम्मान नहीं है, बल्कि संस्था के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, विशेष शिक्षकों, थेरेपिस्ट, सहयोगियों और उन सभी लोगों का सम्मान है, जो दिव्यांग बच्चों एवं उनके परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने संस्था की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान सभी के सामूहिक प्रयासों और समर्पण का परिणाम है तथा भविष्य में दिव्यांगजनों के समावेशन के लिए और अधिक प्रभावी एवं व्यापक कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा। अजमेर आगमन पर संस्था टीम ने कौशिक दम्पत्ति का धूमधाम से स्वागत किया तथा एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
(राकेश कुमार कौशिक)
निदेशक