सोनीपत, अगस्त, 2026- वर्ल्ड युनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन (डब्लूयूडी) ने अपने कैंपस में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन कर विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया। इस प्रदर्शनी में युनिवर्सिटी के अलग अलग विभागों के छात्रों द्वारा खींची गई लगभग 250 तस्वीरों का शानदार संग्रह प्रदर्शित किया गया जिनमें इन छात्रों की रचनात्मकता, तकनीकी कौशल और किस्सागोई की कला की झलक दिखाई दी।
इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों, फैकल्टी के सदस्यों और आरआईएम स्कूल, चंडीगढ़ से विशिष्ट अतिथियों और विद्यार्थियों सहित भारी संख्या में लोगों को आकर्षित किया। यहां आने वाले लोगों ने कई तरह की फोटोग्राफी तकनीकों का अनुभव किया जैसे कि बैक-लिट इमेज, सुपरइंपोज्ड डांस फॉर्म, एडिटोरियल पिक्टोरियल्स और दिलचस्प कहानियां बताने वाले फोटो एसेज़। यहां प्रदर्शित चीज़ों में मुंबई की एक फोटो स्टोरी खास थी जिसमें “फ्लावर चेन और डिलीवरी चेन” को दिखाया गया था। इसे स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट के छात्रों ने तैयार किया था। वहीं, दूसरी ओर, स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन के छात्रों ने डांस के जरिए इसकी कहानी सुनाई। इस आयोजन में पहाड़ियों की तस्वीरें और वहां के जीवन की झलकियां भी प्रस्तुत की गईं जिन्हें स्कूल ऑफ फैशन कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने कैमरे में कैद किया था।
उद्घाटन समारोह में कुलपति डाक्टर संजय गुप्ता शामिल हुए जो फोटोग्राफी के भी बहुत शौकीन हैं। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी कला की गहराइयों को जानने समझने के लिए प्रेरित किया और महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी साझा की। डाक्टर गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और विजुअल आर्ट के जरिए रचनात्मकता एवं नवप्रवर्तन का जश्न मनाने के महत्व पर जोर दिया।
इस कार्यक्रम में चुने गए लगभग 19 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा एवं लगन का प्रदर्शन किया। उनके प्रयासों को सम्मान देने के लिए कुलपति ने बेहतरीन प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस आयोजन के साथ कैंपस में लगातार चौथे “वर्ष विश्व फोटोग्राफी दिवस” मनाया गया जिससे कलात्मक अभिव्यक्ति की जीवंत संस्कृति को बढ़ावा मिला।
इसके अलावा, दूसरे विश्वविद्यालयों के छात्र अपने फैकल्टी सदस्यों के साथ प्रदर्शनी देखने आए और रचनात्मक उत्कृष्टता केंद्र के तौर पर इस विश्वविद्यालय की भूमिका को सराहा।
यह प्रदर्शनी शुक्रवार 21 अगस्त, 2026 तक खुली रहेगी ताकि अधिक से अधिक लोग फोटोग्राफिक कला की समृद्ध विविधता का अनुभव ले सकें।
वर्ल्ड युनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन को कलात्मक प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और छात्रों के बीच नवप्रवर्तन और रचनात्मकता का माहौल बनाने पर गर्व है।