अजमेर, एक सितम्बर। जिले में आगामी 11 सितम्बर को होने वाले नगर निकाय आम चुनाव के लिए मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत अजमेर उत्तर में एडीएम शहर श्री प्रवीण कुमार द्वारा तहसीलदार पूजा यादव के निर्देशन में स्वीप टीम का गठन किया गया है। टीम सदस्यां ऋतु चौहान और गरिमा अग्रवाल द्वारा राजकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पंचशील अजमेर में मतदाता शपथ दिलवाई गई। इसमें मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखा माथुर, श्री योगेन्द्र चौहान, डॉ. अनुलता, डॉ. सुरभि, नर्सिंग इंचार्ज अभिलाषा पाराशर, नाईदा, रितिका, पूजा रावत, नीतू शर्मा सहित समस्त स्टाफ और उपस्थित अन्य सभी ने भाग लिया और अवश्य मतदान करने की शपथ ली। इसके अलावा पंचशील क्षेत्र में रहने वाले आमजन एवं दुकानदारों से संपर्क कर उन्हें मतदान का महत्व समझाते हुए अपना वोट आवश्यक रूप से देने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत अब 10 अक्टूबर को
नगर निकाय आम चुनाव के चलते 12 सितंबर की निर्धारित तिथि में किया गया बदलाव
अजमेर, एक सितम्बर। राजस्व न्यायालयों में 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि में परिवर्तन किया है। अब राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 10 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
राजस्थान राजस्व मंडल अजमेर के निबंधक श्री महावीर प्रसाद ने बताया कि मंडल द्वारा राज्य के विभिन्न स्तरों के राजस्व न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों को जारी पत्र के अनुसार नगर निकाय आम चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय लोक अदालत की पूर्व निर्धारित तिथि को पुनर्निर्धारित किया गया है। अब राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार, 10 अक्टूबर को किया जाएगा। सभी राजस्व न्यायालयों को राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बार एसोसिएशन से संबंधित पक्षकारों के प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में सूचीबद्ध करवाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।
नगर निकाय चुनाव के मतदान दिवस पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश
अजमेर जिले में दो चरणों में मतदान, 9 और 11 सितंबर को संबंधित क्षेत्रों में अवकाश घोषित
अजमेर, एक सितम्बर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत अजमेर जिले में होने वाले मतदान को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोक बन्धु ने बताया कि नगर निकाय आम चुनाव-2026 के अंतर्गत प्रथम चरण का मतदान बुधवार, 9 सितंबर को होगा। इस दिन नगर पालिका पीसांगन, नसीराबाद, केकड़ी, सरवाड़, टाटोंटी एवं सावर के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
इसी प्रकार द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार, 11 सितंबर को निर्धारित है। इस दिन नगर निगम अजमेर तथा नगर परिषद किशनगढ़ एवं पुष्कर के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित कार्यालयों में मतदान दिवस का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।