अजमेर मंडल की बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) को मिली बड़ी सफलता

सोजत रोड से पहली बार शुरू हुआ लाइमस्टोन (चूना पत्थर) का लदान

उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में आज एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल की बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के निरंतर प्रयासों और ग्राहक-उन्मुख नीतियों के फलस्वरूप, अजमेर मंडल में आज पहली बार लाइमस्टोन (चूना पत्थर) का व्यावसायिक लदान सफलतापूर्वक शुरू हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार, इस नई शुरुआत के तहत मैसर्स श्री नारायण मिनरल्स द्वारा अजमेर मंडल के सोजत रोड रेलवे स्टेशन से दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल स्थित बोकारो स्टील प्लांट के लिए कुल 58 बॉक्सएनएचएल (BOXNHL) वैगनों के लाइमस्टोन रेक का लदान किया जा रहा है। दिनांक 06.09.2026 को 58 वैगनों का पहला रेक मंडल परिचालन प्रबंधक श्री विपिन यादव तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री राजकुमार स्वर्णकार की उपस्थिति में सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया गया।

अजमेर मंडल के माल यातायात बास्केट में लाइमस्टोन के रूप में एक नई कमोडिटी शामिल हुई है। यह मालगाड़ी 1,502 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर बोकारो स्टील प्लांट तक पहुंचेगी। इस पूरे रेक के माध्यम से लगभग 4,000 टन लाइमस्टोन का लदान होगा, जिससे रेलवे को ₹1 करोड़ से अधिक का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होगा।

हाल ही में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने सोजत रोड रेलवे स्टेशन पर स्थित गुड्स शेड का निरीक्षण किया था। इस दौरान माल लदान, अनलोडिंग संबंधित सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई थी तथा अधिकारियों को सभी माल ग्राहकों को यथोचित सहयोग और सुविधाएँ उपलब्ध कराने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।

मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती भारती भारद्वाज के निर्देशन में में बीडीयू टीम द्वारा नए ग्राहकों और नई वस्तुओं को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार पहल की जा रही है। सोजत रोड से शुरू हुआ यह नया लदान न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि करेगा, बल्कि स्थानीय खनिज उद्योग, रोज़गार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को सशक्त बनाते हुए देश के औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचागत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!