वार्ड 61 में लोकतंत्र की हत्या पर भड़की कांग्रेस, उग्र आंदोलन की चेतावनी
अजमेर | दिनांक: 9 सितंबर 2026
अजमेर नगर निगम के वार्ड संख्या 61 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सत्ता के बलपूर्वक और नग्न दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने सीधे तौर पर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी मीणा और भाजपा प्रत्याशी राकेशी मीणा के बीच जारी चुनावी मुकाबले में भाजपा शासन के इशारे पर हो रही गुंडागर्दी और पक्षपात पर निर्वाचन आयोग के साधे मौन ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि अजमेर की स्वाभिमानी जनता लोकतंत्र का यह चीरहरण और तानाशाही रवैया किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्रशासन के घटिया और दोहरे मापदंड का भंडाफोड़ करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वार्ड 61 में चुनावी मैदान में आमने-सामने खड़ी दोनों ही महिला प्रत्याशियों के पति पुलिस विभाग में एएसआई (ASI) पद पर तैनात हैं। इसके बावजूद भाजपा सरकार के दबाव में आकर निष्पक्षता का गला घोंटते हुए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी मीणा के एएसआई पति को न सिर्फ अवकाश देने से इनकार किया गया, बल्कि राजनीतिक विद्वेष के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी राकेशी मीणा के एएसआई पति को चुनाव प्रचार की खुली छूट देने के लिए सहर्ष अवकाश मंजूर कर दिया गया। यही नहीं, भाजपा प्रत्याशी के पति की तैनाती उनके गृह क्षेत्र सिविल लाइन थाने में ही रखी गई है, जो चुनाव आयोग की आचार संहिता और स्थानांतरण नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाता है।
सत्ता के नशे में चूर असामाजिक तत्वों द्वारा देर रात कांग्रेस प्रत्याशी के पति की गाड़ी को घेरकर जानलेवा हमला, अभद्रता करने और कार्यकर्ताओं को पोस्टर-बैनर लगाने से रोकने की कायरतापूर्ण हरकतों ने साबित कर दिया है कि भाजपा चुनाव से पूरी तरह बौखला चुकी है। यह सब सीधे-सीधे पुलिस-प्रशासन के शह पर आम जनता में खौफ पैदा करने और लोकतंत्र की हत्या करने का घिनौना षड्यंत्र है।
इस गुंडागर्दी और प्रशासनिक पक्षपात के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ,कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी महेंद्र सिंह रलावता, सांसद प्रत्याशी रामचंद्र चौधरी, द्रौपदी कोली, डॉ. श्री गोपाल बाहेती, हेमंत भाटी और विजय जैन सहित शीर्ष नेतृत्व ने निर्वाचन आयोग से तुरंत प्रभाव से दोषी अधिकारियों पर गाज गिराने और निष्पक्ष कार्रवाई की पुरजोर मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि चुनाव आयोग ने तत्काल संज्ञान लेकर समान अवसर सुनिश्चित नहीं किए, तो अजमेर का कोना-कोना इस तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन का गवाह बनेगा।
जारी कर्ता
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी