आचार संहिता उल्लंघन पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला

जयपाल बोले—सत्ता के दबाव में निष्पक्ष चुनाव प्रभावित करने की कोशिश, प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करे

अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने भाजपा पर आचार संहिता के गंभीर और लगातार उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग पर सवाल खड़े किए हैं। जयपाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बावजूद भाजपा प्रत्याशियों द्वारा कई स्थानों पर लाउडस्पीकर और डीजे का इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही ऊंट एवं घोड़ा गाड़ियों के माध्यम से प्रचार किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि नियम सभी के लिए हैं तो उनका पालन भी सभी राजनीतिक दलों को समान रूप से करना चाहिए।

जयपाल ने आरोप लगाया कि सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को थानों में बुलाकर दबाव बनाने, डराने-धमकाने तथा कांग्रेस के पोस्टर, झंडे और बैनर हटाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने प्रशासन से कहा कि किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना सभी दलों के साथ समान व्यवहार किया जाए और शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

शहर कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। आचार संहिता का पालन कराने की जिम्मेदारी निर्वाचन प्रशासन की है। भाजपा चाहे सत्ता के कितने भी दबाव का इस्तेमाल कर ले, कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। जनता इस बार 36 वर्षों के भाजपा नगर निगम बोर्ड के कामकाज का हिसाब अपने वोट से करेगी।

78 वार्डों में कांग्रेस के पक्ष में जनसंपर्क

डॉ. जयपाल ने शहर के विभिन्न वार्डों में तूफानी जनसंपर्क, रैलियों और जनसभाओं में भाग लेकर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता अब बदलाव चाहती है। भाजपा के 36 वर्षों के नगर निगम शासन के बाद शहर को विकास, स्वच्छता, बेहतर सड़कें, नियमित पेयजल और जवाबदेह प्रशासन की जरूरत है।

जयपाल ने अजमेरवासियों से अपील की कि किसी भी अफवाह या बहकावे में न आएं और विकास एवं बदलाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाएं।

शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!