CBEO का स्वागत, स्थानांतरित एवं पदोन्नत शिक्षकों को दी विदाई

सराधना। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सराधना में बुधवार को अजमेर ग्रामीण की मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) का विद्यालय परिवार की ओर से संस्था प्रधान मीनू चतुर्वेदी के नेतृत्व में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसी अवसर पर पदोन्नति एवं स्थानांतरण के फलस्वरूप विद्यालय से कार्यमुक्त हुए शिक्षक साथियों के सम्मान में विदाई समारोह भी आयोजित किया गया।
समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। इस दौरान कार्यमुक्त हुए शिक्षकों के विद्यालय में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
मुख्य अतिथि CBEO ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन करने, अनुशासन एवं समयबद्धता का पालन करने तथा जीवन में निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे एवं धूम्रपान जैसी हानिकारक प्रवृत्तियों से दूर रहने तथा अपने स्वास्थ्य एवं भविष्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ आयोजित विभिन्न सहशैक्षणिक एवं प्रेरक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रमुख केंद्र है और इसके लिए विद्यालय परिवार को सकारात्मक एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से पदोन्नति एवं स्थानांतरण के फलस्वरूप कार्यमुक्त हुए शिक्षक साथियों को भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके आगामी कार्यक्षेत्र एवं जीवन की सफलता के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।
इस दौरान व्याख्याता शैलेन्द्र रावत, गोपाल टेलर, मिनी उबाना, मनोज शर्मा, यशोदा, अमिता अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
मंच संचालन नरेंद्र भवरियां ने किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!