अरांई अजमेर के गणपत लाल उदय ने राष्ट्रीय स्तर कविता प्रतियोगिता में लहराया परचम।

‘भारत की बेटी’ विषय पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हासिल किया द्वितीय स्थान
अरांई (अजमेर, राजस्थान)। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कविता प्रतियोगिता में राजस्थान के अजमेर जिले के अरांई निवासी एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), नई दिल्ली में सेवारत सैनिक कवि गणपत लाल उदय ने अपनी लेखनी का परचम लहराते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।
               ‘आपकी कलम में है बदलाव की ताकत’ की प्रेरणादायक थीम के अंतर्गत आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की लेख एवं कविता प्रतियोगिता का विषय ‘भारत की बेटी’ था। इस प्रतियोगिता में देशभर के लेखक-लेखिकाओं एवं कवि-कवयित्रियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, विचारों और भावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
          प्रतियोगिता के परिणामों में डॉ. यामिनी मल्होत्रा ने प्रथम स्थान, राजस्थान के अजमेर जिले के सैनिक कवि गणपत लाल उदय ने द्वितीय स्थान तथा शिवालिका सिंह कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता का आयोजन संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद और भारत टाइम्स न्यूज़ द्वारा किया गया था।
  सैनिक कवि गणपत लाल उदय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में अपनी सेवाएँ देने के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय हैं। उनकी रचनाओं में देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, नारी सशक्तीकरण और राष्ट्रप्रेम की भावना प्रमुखता से दिखाई देती है। वे अपनी वर्दी के साथ-साथ कलम के माध्यम से भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।
   ‘लेखन मेरी साधना है, राष्ट्रसेवा मेरा धर्म’ के ध्येय को आत्मसात करने वाले गणपत लाल उदय की यह उपलब्धि देशसेवा और साहित्य साधना के अद्भुत संगम को दर्शाती है। प्रतियोगिता में चयनित सैनिक कवि गणपत लाल उदय सहित अन्य रचनाकारों को उनकी प्रतिभा और उत्कृष्ट लेखन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
       सैनिक कवि गणपत लाल उदय की इस उपलब्धि पर साहित्यप्रेमियों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की है।
सैनिक कवि — गणपत लाल उदय
अरांई निवासी , जिला अजमेर, राजस्थान
लेखन मेरी साधना है, राष्ट्रसेवा मेरा धर्म।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!