खाद्य सुरक्षा योजना में अपात्र लाभार्थियों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे शुरू

गिवअप अभियान के द्वितीय चरण में पुष्कर के वार्ड 2 और सरवाड़ के वार्ड 11 में की गई पात्रता की जांच, अपात्र परिवारों को लाभ छोड़ने के लिए किया प्रेरित

अजमेर, 13 अक्टूबर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में अपात्र परिवारों की पहचान करने तथा वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को योजना से जोड़ने के लिए अजमेर जिले में डोर-टू-डोर सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। गिवअप अभियान के द्वितीय चरण के तहत यह सर्वे शहरी क्षेत्रों में अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

जिला रसद अधिकारी श्री नीरज जैन ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार 13 अक्टूबर को पुष्कर शहर के वार्ड संख्या 2 में जिला रसद अधिकारी एवं प्रवर्तन अधिकारी/प्रवर्तन निरीक्षक के संयुक्त जांच दल ने घर-घर जाकर सर्वे किया। विभाग ने प्रत्येक जिले में खाद्य सुरक्षा लाभार्थियों की अधिक संख्या वाले पांच वार्डों का चयन इस अभियान के लिए किया है। अजमेर जिले में पुष्कर का वार्ड संख्या 2 भी इनमें शामिल है। इसके अतिरिक्त सरवाड़ नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 में 53 परिवारों की पात्रता की जांच की गई तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों, विशेषकर पक्के दो-तीन मंजिला मकान होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे परिवारों को स्वेच्छा से योजना का लाभ छोड़ने के लिए समझाइश की गई। इसका उद्देश्य खाद्यान्न की वास्तविक आवश्यकता वाले वंचित एवं पात्र परिवारों को योजना से जोड़ना है।

श्री जैन ने बताया कि गिवअप अभियान का द्वितीय चरण आगे भी जारी रहेगा। योजना के लिए अपात्र होने के बावजूद स्वेच्छा से नाम नहीं हटवाने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। शिकायत सही पाए जाने पर विभागीय नियमानुसार 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्राप्त खाद्यान्न की वसूली की जाएगी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!