जिला कलक्टर ने मतदान बूथों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
अजमेर, 30 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में सरपंच एवं वार्ड पंच के मतदान के दौरान शुक्रवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदाताओं के साथ वार्तालाप कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में भूमिका निभाने का आग्रह किया।
जिला कलक्टर ने घूघरा, कायड़, गगवाना, ऊंटड़ा, रामनेर ढ़ाणी, मगरा, कुचील, चीताखेड़ा, पिंगलोद, श्री निम्बार्क तीर्थ, बबायचा, अरड़का, नरवर, चाचियावास, अजयसर, नन्दी-प्रथम, तबीजी, आम्बा मशीनिया एवं दौराई के मतदान बूथों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा मतदान दलों से मतदान की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, मतदान दलों की व्यवस्थाओं तथा आवश्यक संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि मतदान प्रक्रिया निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सुचारू रूप से संचालित हो रही है। मतदाताओं के लिए छाया एवं पेयजल के साथ मोबाईल रखने की भी सुविधाएं होनी चाहिए। साथ ही मतदाता हेल्प डेस्क पर पूरे समय व्यक्ति तैनात रहे।
उन्होंने मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के समय मतदान दलों के साथ वार्तालाप किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रत्येक मतदाता की पहचान सुनिश्चित होने के उपरान्त ही मतदान करवाया जाए। मतदाताओं की पहचान आयोग के द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर की जानी चाहिए।
उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश प्रदान किए। मतदान सामग्री की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदान समाप्ति के पश्चात मतदान सामग्री को जमा करते समय विशेष सावधानी बरते। मतदान दलों के कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मतदान के पश्चात सरपंच पद के चुनाव परिणाम समय पर जारी किए जाने चाहिए। अधिकारियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!