दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को भंडार कार्यालय में राजभाषा सप्ताह के समापन समारोह का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजकीय कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने और राजभाषा सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से एक विशेष सम्मान समारोह रखा गया।
समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्य सामग्री प्रबंधक, अजमेर श्री हेमराज मीणा रहे। उन्होंने भंडार कार्यालय के कुल 15 विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया तथा दैनिक कामकाज में राजभाषा हिंदी को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। वरिष्ठ अनुवादक श्री प्रदीप कुमार ने राष्ट्रकवि श्री रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की चुनिंदा ओजस्वी कविताओं का सस्वर पाठ कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम की कड़ी में मुख्य कार्यालय अधीक्षक (लोको) श्री सुनील कायथ एवं तकनीशियन (कैरिज) श्रीमती रैना शर्मा द्वारा सुमधुर हिंदी भजनों एवं गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसकी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
समारोह के अंत में सहायक सामग्री प्रबंधक श्री शिवाकांत शुक्ला एवं श्री आकाश भारद्वाज ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।