​अब रेल यात्री मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट के माध्यम से बुक कर सकेंगे यात्री सहायक (कुली) एवं व्हीलचेयर सेवा

​रेल यात्रियों को बेहतर, सुगम एवं आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में अजमेर मंडल, उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके अंतर्गत यात्री सहायक (कुली) एवं व्हीलचेयर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग के लिए मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने और संचालित करने का कार्य मेसर्स ‘माय साथी’ को आवंटित किया गया है।
​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव के अनुसार, यात्री सहायक (कुली) एवं व्हीलचेयर सेवाओं की ऑनलाइन बुकिंग के लिए मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट का यह अनुबंध रेलवे की ई-नीलामी प्रणाली के माध्यम से आईआरईपीएस (IREPS) पोर्टल पर पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए तीन वर्ष की अवधि के लिए दिनांक 16.11.2026 से प्रदान किया गया है। इस अनुबंध के अंतर्गत मेसर्स ‘माय साथी’ द्वारा मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट का विकास, क्लाउड होस्टिंग, रखरखाव, ग्राहक सहायता तथा संपूर्ण परिचालन प्रबंधन किया जाएगा। इस मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट के विकसित होने से रेल यात्री अपने स्मार्टफोन अथवा इंटरनेट के माध्यम से आसानी से यात्री सहायक एवं व्हीलचेयर सेवा बुक कर सकेंगे। यात्रियों को अब स्टेशन पर यात्री सहायक (कुली) अथवा व्हीलचेयर की तलाश में भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपनी आवश्यकतानुसार ऑनलाइन बुकिंग कर स्टेशन पर ही इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
​मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने इसे एक महत्वपूर्ण तथा यात्रियों के लिए अत्यंत सुविधाजनक पहल बताते हुए कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्रियों को यात्री सहायक एवं व्हीलचेयर सेवाओं की बुकिंग के लिए एक सरल एवं सुगम माध्यम उपलब्ध होगा। इससे समय की बचत होगी तथा स्टेशन पर सेवाओं का लाभ प्राप्त करना अधिक आसान होगा। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार यात्रियों, महिला यात्रियों तथा भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे काफी सुविधा मिलेगी।
​यह पहल रेलवे की यात्री सुविधाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने, सेवा वितरण को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

​मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!