*छह मतों से हार का परिणाम घोषित;याचिका में मतगणना में गड़बड़ी और फर्जी मतपत्रों के आरोप*
केकड़ी (5 नवंबर ) ग्राम पंचायत चांदमा के सरपंच चुनाव परिणाम को प्रत्याशी जशोदा देवी पत्नी गोपाल गुर्जर ने चुनौती दी है। उन्होंने एडवोकेट मनोज आहूजा व अशोक सिंह रावत के माध्यम से राजस्थान पंचायती राज अधिनियम,1994 की धारा 43 तथा राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम,1994 के नियम 80 के तहत अजमेर के जिला न्यायालय में चुनाव याचिका पेश की है।याचिका के अनुसार, 24 अक्टूबर को हुए मतदान के बाद 25 अक्टूबर की सुबह परिणाम घोषित किया गया।इसमें प्रत्याशी राजूदेवी जाट को 516 और जशोदा देवी को 510 मत मिलने की घोषणा हुई-अंतर छह मतों का बताया गया है।याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि मतगणना के बाद एक वोट का अंतर बताया गया,कुछ मतपत्रों पर प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न में अंतर था।इस पर आपत्ति और पुनर्मतगणना का आवेदन देने के बावजूद उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई।
याचिका में कथित फर्जी मतपत्रों को मतपेटियों में डालने,मतगणना के दौरान मतपेटी ले जाने की कोशिश,मतपत्रों का पूरा हिसाब नहीं देने और याचिकाकर्ता के अधिकृत अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल से बाहर रखने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।इसके साथ ही आरोप लगाया गया है कि चुनाव से 6 दिन पूर्व विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सरपंच प्रत्याशी राजू देवी के समर्थन में राजकीय कर्मचारियों की मीटिंग लेकर उनके पक्ष में चुनाव प्रचार व हर हाल में जिताने के लिए मीटिंग की। जिसकी शिकायत भी याचिका कर्ता द्वारा की गई थी।याचिकाकर्ता ने मतदान और मतगणना से जुड़े दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखकर न्यायालय में प्रस्तुत कराने की मांग की है।
याचिका में विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित कई अधिकारियों और अन्य लोगों को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने मतपत्रों की न्यायालय की निगरानी में जांच और पुनर्मतगणना कराने तथा उसके आधार पर चुनाव परिणाम घोषित करने की गुहार की है।तथा सरपंच राजू देवी के पक्ष में दिए गए आदेश को शून्य घोषित करने की मांग की गई है।
याचिका कर्ता की और से एडवोकेट मनोज आहूजा व अशोक सिंह रावत ने याचिका पेश की है।