33 दंपतियों ने सपत्नीक दी यज्ञ में आहुतियां, 15 विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया अनुष्ठान
अजमेर। धन्वंतरि जयंती के पावन अवसर पर महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल स्थित लक्ष्मी मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को श्री लक्ष्मी महायज्ञ, गोवर्धन एवं गौमाता पूजन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पिछले 15 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं गौसेवा के प्रति समाज की आस्था का प्रतीक बन चुका है।
प्रातः 7 बजे प्रारंभ हुए इस तीन घंटे के धार्मिक अनुष्ठान में 33 दंपतियों ने सपत्नीक यज्ञ में बैठकर विधि-विधान से आहुतियां प्रदान कीं। पंडित अमित पाराशर सहित 15 विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ महालक्ष्मी यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं लोककल्याण की कामना की।
लक्ष्मी महायज्ञ के पश्चात गोबर से भगवान श्री गिरिराज जी का भव्य स्वरूप तैयार कर गोवर्धन पूजन किया गया। इसमें श्रीनाथजी, लड्डू गोपाल एवं गौमाता के विग्रह विराजमान कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया गया। आकर्षक सजावट एवं पुष्पों से सुसज्जित गोवर्धन स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके पश्चात गौमाता का पूजन कर गौसेवा एवं गौसंरक्षण का संकल्प लिया गया।
आयोजन में यज्ञ, गोवर्धन पूजा एवं गौमाता पूजन के माध्यम से सनातन धर्म की तीन महत्वपूर्ण आस्थाओं को एक साथ जोड़ते हुए मां लक्ष्मी की आराधना, भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धन स्वरूप की महिमा तथा गौमाता के प्रति श्रद्धा और सेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम संयोजक शिवशंकर जी फतेहपुरिया एवं उमेश गर्ग ने बताया कि विगत 15 वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है। समाज के परिवारों की सहभागिता से यह धार्मिक परंपरा प्रतिवर्ष और अधिक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने यज्ञ में सम्मिलित सभी यजमानों, आचार्यों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। तथा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
उमेश गर्ग
मुख्य संयोजक
9829793705