मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम

12 नवम्बर को होगा एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन

राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

अजमेर, 5 नवम्बर। मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल द्वारा गुरूवार को बैठक ली गई।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि राजस्थान निर्वाचन विभाग द्वारा अर्हता दिनांक एक जनवरी 2027 के संदर्भ में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करने के लिए राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेण्ट नियुक्त करने के लिए कहा गया। अर्हता दिनांक को मतदाता बनने की योग्यता पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों के नाम विशेष अभियान चलाकर जोड़े गए है। बीएलए के सक्रिय सहयोग से मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने के कार्य में गति आएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार एकीकृत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन गुरूवार, 12 नवम्बर को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने, संशोधन करवाने तथा अन्य दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर तक की अवधि निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर तक किया जाएगा। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के श्री मनोज डीडवानिया, कांग्रेस के श्री शैलेन्द्र अग्रवाल एवं श्री शैलेश गुप्ता, बसपा के श्री गणपत लाल बारोलिया, सीपीआईएम के डॉ. प्रवीण, प्रशासनिक अधिकारी श्री भवानी सिंह, श्री राकेश उदय, श्रीमती मीना शर्मा एवं श्री हंसराज उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!