छठ पर्व पर कल्पना पटवारी की सात गीतों की ‘छठ गीतमाला’ होगी रिलीज

बिहार की पांच भाषाओं में सात छठगीतों की प्रस्तुति एक दुर्लभ प्रयास : कल्पना पटवारी


पटना। लोकगायिका कल्पना पटवारी छठ महापर्व के पावन अवसर पर बिहार की लोकसंस्कृति और समृद्ध संगीत परंपरा को समर्पित सात छठगीतों की विशेष प्रस्तुति ‘छठ गीतमाला’ लेकर आ रही हैं। इस अनूठी संगीतमय प्रस्तुति में बिहार की पांच प्रमुख भाषाओं मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका और बज्जिका के पारंपरिक छठगीत शामिल किए गए हैं। यह विशेष वीडियो जल्द ही म्यूजिक बॉक्स के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगा।

इस पहल के माध्यम से कल्पना पटवारी ने बिहार की भाषाई विविधता और लोकसंगीत की समृद्ध विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि बिहार की लोकसंस्कृति देश की अमूल्य धरोहर है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

कल्पना पटवारी ने कहा कि असम की होने के बावजूद बिहार की लोकसंस्कृति और इसकी गौरवशाली विरासत के प्रति उनके मन में विशेष अनुराग है। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग से राष्ट्रीय कला पुरस्कार प्राप्त करने के बाद भी उन्होंने बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं के लिए काम करने की अपनी इच्छा जाहिर की थी। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वह इस बार पांच भाषाओं में सात छठगीतों की प्रस्तुति लेकर आ रही हैं। उनके अनुसार, एक ही गायिका द्वारा बिहार की पांच भाषाओं में सात छठगीत प्रस्तुत करना अपने आप में एक दुर्लभ प्रयास है।

सात गीतों में समाहित बिहार की पांच भाषाओं की मिठास

इस विशेष गीतमाला में मैथिली के ‘चारि पहर राति जल थल सेविलहुँ’ और ‘कातिक मास इजोरिया’, भोजपुरी के ‘जगत के पालक दीनानाथ’ और ‘दरसन माँगीला तोहार हे गंगा मैया’, मगही के ‘छोटी मुटी मालिन बेटी के भुइयाँ लोटे केस’, अंगिका के ‘छठि मइया अइतई अंगनमा सजन हम करबई बरतिया’ तथा बज्जिका के ‘रिमझिम बुन्दवा बरसि गेल ओरियानी मोती चूए’ जैसे पारंपरिक गीत शामिल हैं।

इन गीतों का संकलन हृदय नारायण झा की पुस्तक ‘छठगीत (सर्वसौभाग्यदायकम्)’ से किया गया है। उल्लेखनीय है कि यह पुस्तक इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इन्टैक) द्वारा छठ महापर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के लिए तैयार किए गए डोजियर में भी शामिल है। इस पुस्तक में छठ पर्व के पौराणिक एवं लोक महत्व के साथ बिहार की विभिन्न भाषाओं के पारंपरिक और स्वरचित छठगीतों का संग्रह किया गया है।

बिहार की लोकसंस्कृति को मिले भव्य राष्ट्रीय मंच : कल्पना

कल्पना पटवारी ने कहा कि बिहार केवल एक राज्य नहीं, बल्कि अपनी विशिष्ट भौगोलिक और सांस्कृतिक पहचान रखने वाली भूमि है। यहां की परंपराएं, रीति-रिवाज और लोकसंस्कृति सदियों से हमारी विरासत का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। बिहार की पहचान को और मजबूत बनाने के लिए ऐसी गीतमालाओं को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, जो बिहार के साथ-साथ पूरे देश और विशेष रूप से पूर्वी भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करें।

उन्होंने बिहार की लोककला, लोकगीत और संगीत को बढ़ावा देने के लिए एक भव्य सांस्कृतिक महापर्व आयोजित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकगीतों में गौरी, अछरिया और गणपति पूजा जैसे पारंपरिक गीतों का भी विशेष महत्व है। ऐसे गीत हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं।

कल्पना पटवारी की यह ‘छठ गीतमाला’ न केवल छठ महापर्व की आस्था और भक्ति को संगीत के माध्यम से अभिव्यक्त करेगी, बल्कि बिहार की पांच भाषाओं की लोकधरोहर को एक साथ प्रस्तुत कर सांस्कृतिक एकता और विविधता का भी सुंदर संदेश देगी।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!