डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व बरकरार, तकनीक के साथ पठन-पाठन को दें प्राथमिकता- देवनानी
अजमेर, 27 नवम्बर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि पुस्तकें व्यक्ति के ज्ञान, विचारों और व्यक्तित्व को समृद्ध बनाने का सशक्त माध्यम हैं। पुस्तकों के अध्ययन से न केवल ज्ञान का विस्तार होता है, बल्कि व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता और दृष्टिकोण भी विकसित होता है। डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। युवाओं को आधुनिक तकनीक के साथ-साथ नियमित अध्ययन एवं पठन-पाठन की आदत को भी अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी शुक्रवार को लोहागल रोड स्थित आर्यन कॉलेज में आयोजित 20वीं वार्षिक पुस्तक प्रदर्शनी ‘शब्दोत्सव-2026’ के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के समय में इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों से सूचनाएं सहजता से उपलब्ध हैं, लेकिन पुस्तकों का व्यवस्थित अध्ययन विषयों की गहराई को समझने और विचारों को परिपक्व बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवा पीढ़ी को पुस्तकों से जुड़कर अपने ज्ञान और रचनात्मक क्षमता का विकास करना चाहिए। शिक्षण संस्थानों को भी विद्यार्थियों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए।
इससे पूर्व श्री देवनानी ने पुस्तक प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन किया तथा वहां प्रदर्शित विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में पिछले 25 वर्षों में संग्रहित पुस्तकालय की पुस्तकों को विभिन्न आयु वर्ग के पाठकों के पठन-पाठन के लिए उपलब्ध कराया गया। इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, शोधार्थियों एवं सामान्य पाठकों की रुचि के अनुरूप पुस्तकों को स्थान दिया गया।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने पुस्तक ‘Artificial Science in the Age of Artificial Intelligence’ का विमोचन भी किया। पुस्तक में पुस्तकालय विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बदलते परिदृश्य तथा आधुनिक तकनीक के कारण पुस्तकालयों की कार्यप्रणाली में आ रहे बदलावों से संबंधित विषयों को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रेणुका तिवारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि श्री देवनानी जी एवं सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह स्वरूप पुस्तकें भेंट की गईं। उन्होंने कहा कि ‘शब्दोत्सव’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना, उन्हें साहित्य से जोड़ना तथा उनकी विचारशीलता एवं अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर आर्यन स्कूल की निदेशक डॉ. निशा शेखावत एवं आर्यन कॉलेज के निदेशक श्री अमरपाल सिंह शेखावत सहित अन्य गणमान्यजन एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में पुस्तकालय अध्यक्ष श्रीमती संजू रानी गहलोत ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।