मुन्नाराजा ने ओला प्रभावित ग्रामों का किया भ्रमण

छतरपुर। बमीठा। बुधवार को तेज बारिस के साथ हुई ओलावृष्टि से जिले भर के हजारों किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का सर्वे जिला प्रशासन द्वारा कराया जा रहा है। गुरूवार को म0प्र0 कृषि विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष शंकर प्रताप सिंह मुन्नाराजा पूर्व विधायक ने जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी सहित पार्टी के कई पदाधिकारियों, सरपंचों और किसानों के साथ राजनगर, बमीठा व बसारी सर्किल के ओला प्रभावित ग्रामों का दौरा किया। शुक्रवार को प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सतना-पन्ना होते हुए दोपहर 2 बजे बमीठा आ रहे हैं। श्री राहुल ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने आ रहे हैं। गुरूवार को मुन्नाराजा ने ग्राम टिकरी, पीरा, सद्दूपुरा, इमलाहा, किशोरगंज, मझगुवा, घूरा, पहाड़ी हीरा जू, देवगांव, बेढऱी, जटापहाड़ी, मनपसार, नंदलालपुरा, कुटिया, दिदौनिया, पारवा, बरेठी, सांदनी, वांदनी, रामपुर, सिलावट, बछरौनियां और बसाटा ग्राम का दौरा किया। ग्राम पीरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें भारी ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण करवाया। इस प्राकृतिक आपदा के दौरान 150 से 250 ग्राम तक ओले गिरने की जानकारी ग्रामीणों ने दी। कई ग्रामों में दूसरे दिन भी ओले खेतों में जमे देखे गए। इसी ग्राम में रामऔतार आदिवासी का कच्चा मकान भारी ओलावृष्टि से ढह गया। मुन्नाराजा ने पीडि़त इस आदिवासी को इंदिरा आवास योजना से सहायता दिलाई और उसे इसका चैक उपलब्ध कराया गया। इसी तरह ग्राम के भवानीदीन रैकवार का खपरैल से बने मकान को ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है। इस तरह के दर्जनों मकान हैं, जिन्हें नुकसान पहुंचा है। ग्राम सद्दूपुरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने मुन्नाराजा और जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी को गांव की समस्याओं से अवगत कराया। इस ग्राम में जनपद पंचायत की निधि से हनुमान मंदिर मार्ग के लिए 5 लाख रूपए सीसी रोड बनाने के लिए ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराए गए हैं। ओला प्रभावित ग्रामों का अवलोकन करने वालों में जिला कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक नायडू, महामंत्री लखन दुबे, अनुसूचित जाति वर्ग नेता व कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री राजू प्रजापति, अर्जुन सिंह नाहर, बमीठा सरपंच जमाल खान, फैय्याज खान, प्रतिपाल सिंह तथा कई सरपंच और कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे।

नुकसान का सही सर्वे किया जाए

छतरपुर। मुन्नाराजा ने ओला प्रभावित ग्रामों का अवलोकन करने के दौरान पटवारियों से ओलावृष्टि से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का सही सर्वे करने को कहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्राकृतिक आपदा के पूर्व के अनुभव यही रहे हैं कि ऐसी विषम परिस्थितियों में प्रभावित किसानों की फसलों के हुए वास्तिविक नुकसान का सर्वे राजस्व विभाग का मैदानी अमला तो करता है, लेकिन तहसील स्तर पर बैठे अधिकारी मनमाने तरीके से उसमें उलटफेर कर देते हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुई ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान में यदि इस तरह की मनमानी हुई तो कांग्रेस द्वारा इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।

धरने पर बैठेंगे नेता प्रतिपक्ष

छतरपुर। बमीठा। ओलावृष्टि से हुए नुकसान का अवलोकन करने शुक्रवार को बमीठा आ रहे नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल म0प्र0 कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में एक साथ किए जा रहे धरना प्रदर्शन में कांग्रेस द्वारा भाजपा शासन की नीतियों, प्रदेश भर में व्याप्त भ्रष्टाचार, अराजकता, किसानों की समस्याएं, बलात्कार, बिजली, सड़क जैसी समस्याओं को लेकर विरोध प्रकट किया जाएगा। श्री राहुल के साथ धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शंकर प्रताप सिंह मुन्नाराजा, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज त्रिवेदी, समाजसेवी आलोक चतुर्वेदी, राजनगर विधायक विक्रम सिंह नातीराजा के अलावा जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस से आने वाले सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे, धरना प्रदर्शन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा।

– संतोष गैंगेले

error: Content is protected !!