मुंबई। संस्थागत और खुदरा निवेशकों की तरफ से बिकवाली के जोरदार दबाव के चलते गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी में 10 महीने की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 317 अंक गिरकर 19,325 और निफ्टी 91 अंक गिरकर 5,852 पर बंद हुए। छोटे और मझोले शेयरों की ज्यादा पिटाई हुई। निफ्टी मिडकैप तीन फीसदी और बीएसई स्मॉलकैप 1.75 फीसदी टूट गए।
कमजोर अंतरराष्ट्रीय संकेतों की वजह से सुबह सेंसेक्स करीब 140 अंक की गिरावट के साथ खुला। तीस शेयरों वाला बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 140.52 अंक या 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,502.23 अंक पर खुला। बाजार पर बिकवाली का दबाव लगातार बढ़ता चला गया और कारोबार के पहले घंटे में ही निफ्टी 5900 के अहम स्तर के नीचे फिसल गया।
कारोबारियों के अनुसार, हाल की तेजी के बाद संस्थागत और खुदरा निवेशकों की मुनाफावसूली से बाजार में गिरावट दर्ज की गई। इस महीने के अंत में पेश होने वाले बजट से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।