दूतावासों की सुरक्षा पर उत्तर कोरिया ने खड़े किए हाथ

north-korea-warns-embassies-over-safety-following-missile-threatसियोल। उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को तमाम दूतावासों को चेतावनी दे दी कि 10 अप्रैल के बाद उनकी सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। उसने दूतावासों से अपने कर्मियों को हटाने पर विचार करने को कहा है। इससे कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव और बढ़ने की आशंका है।

प्योंगयोंग स्थित ब्रिटेन और रूस जैसे यूरोपीय देशों के दूतावासों ने चेतावनी भरी एडवाइजरी मिलने की पुष्टि की है। बुल्गारिया के विदेश मंत्रालय के मुताबिक यूरोपीय संघ के सभी देशों के राजदूत तनावग्रस्त परिस्थितियों के मद्देनजर आम राय कायम करने के लिए शनिवार को मिलेंगे। प्योंगयोंग के करीबी रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस चेतावनी के संबंध में चीन और अमेरिका सहित उत्तर कोरिया के साथ परमाणु वार्ता कर रहे अन्य देशों से चर्चा कर रहे हैं। लावरोव ने कहा, इस मामले में कई बातों का स्पष्टीकरण जरूरी है।

हालांकि रूसी दूतावास के प्रवक्ता डेनिस सैमसोनोव ने फोन पर कहा कि रूस की फिलहाल दूतावास खाली करने की योजना नहीं है। उत्तर कोरिया ने ताजा चेतावनी देश के पूर्वी तटों पर मिसाइलों की तैनाती करने के बाद जारी की है।

error: Content is protected !!