अजमेर। अजमेर जिले में सामाजिक सुरक्षा विशेष पेंशन महाभियान के शुभारम्भ पर 20 अप्रेल को विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर वृद्घावस्था, विधवा, विशेष योग्यजन व्यक्तियों के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न पेंशन योजनाओं में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के अनुरूप आवेदन पत्र तैयार कराए जाएंंगे।
जिला कलक्टर वैभव गालरिया ने बताया कि 20 अप्रेल को ग्राम पंचायत मायापुर, हठूंडी, टाडगढ़, मालातों की बेर, सलेमाबाद, पींगलोद, बरल व जालिया द्वितीय, मेवदाकंला, बघेरा, हरपुरा, मनोहरपुरा, बान्दनवाड़ा, कानपुरा, एवं कानाखेड़ी, छछुन्दरा में शिविर आयोजन से महाअभियान की शुरूआत होगी।
पुष्कर नगरपालिका की वार्ड संख्या एक से पांच के नागरिकों के लिए शिविर लगाया जाएगा।
गालरिया ने बताया कि इस विशेष महाअभियान के शुभारम्भ पर जिले की ग्राम पंचायतों में उदघाटन से शेष रहे सभी भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र के उदघाटन एक साथ होंगे। यह शुभारम्भ समारोह जिले के विधायक, स्थानीय जन प्रतिनिधि, संसदीय सचिव या विशिष्ठ मंत्रीगण के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होंगे। इसके लिए पर्याप्त प्रबन्ध कर लिये गये हैं।
जिला कलक्टर ने बताया कि अजमेर जिले में सामाजिक सुरक्षा विशेष पेंशन महाअभियान के तहत आयोजित शिविरों में मुख्यमंत्री पुनर्वास योजना, इन्दिरा आवास, मनरेगा,मरनेगा जॉब कार्ड व इससे जुड़े कई बिन्दुओं, आंगनबाड़ी केन्द्र, राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना, जननी सुरक्षा योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अलावा अन्य योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।
सरकार की मंशा के अनुरूप राजस्थान जनसुनवाई का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजीव गांधी सेवा केन्द्रों पर एकल खिड़की और लोक सुनवाई हैल्प डेस्क की स्थापना की गई है। संबंधित ग्रामीण अपने सेवा केन्द्र पर आकर ग्राम रोजगार सहायक को अपना परिवाद दे सकेगा। यह कार्य भी महाअभियान के शुभारम्भ से ही शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परिवादों के निस्तारण के लिए त्रिस्तरीय सुनवाई व्यवस्था निर्धारित की गई है।