बीजिंग। चीन के दक्षिण-पश्चिमी सिचुआन प्रांत में शनिवार को आए भूकंप के बाद से अब तक एक हजार से अधिक झटके महसूस किए जा चुके हैं। हालांकि, रिक्टर पैमाने पर कम तीव्रता होने की वजह से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। उधर, भूकंप से मरने वालों और घायलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक 186 लोग काल का ग्रास बन चुके हैं, जबकि 11500 से अधिक घायल हैं। करीब छह हजार राहतकर्मी राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
सिचुआन के लुशान में शनिवार को 7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद कम से कम 1170 झटके आए, जिनमें कुछ की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.4 से अधिक थी। इसकी वजह से बचाव अभियान भी प्रभावित हुआ।
अधिकारियों के अनुसार, करीब 186 शव बरामद किए गए हैं। 21 लोग अब भी लापता हैं और 11500 के आसपास लोग घायल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि अभी कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। सिचुआन प्रांत में मई 2008 में आए जबर्दस्त भूकंप से भारी तबाही हुई थी। तब 90 हजार लोग मारे गए थे। उस समय भूकंप की तीव्रता 8.0 मापी गई थी।
चीनी अधिकारियों का कहना है कि सिचुआन स्थित परमाणु ऊर्जा संयंत्र सुरक्षित है और भूकंप के बाद पर्यावरणीय विकिरण निगरानी में में कोई भी असामान्यता नहीं पाई गई है।