अहमदाबाद। गुजरात में उपचुनाव की घोषणा के साथ ही सत्ताधारी दल भाजपा व कांग्रेस ने एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने जहां आर्थिक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री मोदी के विकास के दावों को चुनौती दी है वहीं, भाजपा ने शनिवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ धरने के साथ केंद्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राष्ट्रीय महासचिव राजीव प्रताप रूड़ी ने यहां कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ डाले हैं।
गुजरात में लोकसभा की पोरबंदर व बनासकांठा तथा विधानसभा की मोरवा हड़फ, धोराजी, जेतपुर तथा लींबडी विधानसभा सीट के लिए 2 जून को उपचुनाव होने हैं। प्रदेश में अकाल की स्थिति के मद्देनजर कांग्रेस पहले से राज्य सरकार पर चारा व पानी के मुद्दे पर हमलावर है। सौराष्ट्र, कच्छ व उत्तर गुजरात में कांग्रेस जल अधिकार यात्रा निकालकर सरकार को घेरने का प्रयास कर चुकी है। उपचुनाव की तिथी की घोषणा के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया ने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के दावों की पोल खोलते हुए कहा कि वर्ष 2012-13 की आर्थिक सर्वे रिपोर्ट में विकास दर के मामले में गुजरात पांचवें स्थान पर है, जबकि कांग्रेस शासित महाराष्ट्र, राजस्थान, आंध्रप्रदेश व बिहार विकास के मामले में गुजरात से आगे हैं।
इसी प्रकार प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में भी गुजरात पाचवें नंबर पर आ गया है, महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली व तमिलनाडु ने एफडीआई में बाजी मार ली है। कांग्रेस का आरोप है कि मोदी गुजरात से बाहर जो विकास के दावे कर रहे हैं वे झूठे हैं।
इधर, भाजपा ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हमला करते हुए कहा हे कि जब से केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी है घोटाले ही घोटाले उजागर हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राजीव प्रताप रूड़ी ने कहा है कि कांग्रेस राज में एक घोटाले की चर्चा खत्म नहीं होती है उतने में दूसरा घोटाला सामने आ जाता है और उसका आंकड़ा पहले से काफी अधिक होता है। एक लाख 76 हजार करोड़ का टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला, 76 हजार करोड़ का कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला तथा शहीदों के फ्लैट हड़पने वाला आदर्श सोसायटी घोटाला पर चर्चा शांत भी नहीं हुई थी कि दस लाख करोड़ का कोयला घोटाला सामने आ गया। कांग्रेस राज में आम जनता के धन को नेता व अफसर लूट रहे हैं, देश में चारों ओर निराशा का माहौल है वहीं सरकार एक के बाद एक जनविरोधी फैसले कर रही है। धरने में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आर सी फलदू, प्रदेश प्रवक्ता आई के जाडेजा, महासचिव कौशिक पटेल आदि नेता भी शामिल हुए।
विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां शांत हो गई थी लेकिन एक बार फिर उपचुनाव की घोषणा के साथ ही गुजरात में राजनीतिक उठापटक शुरू हो गई है। कांग्रेस भाजपा ने एक-दूसरे पर हमले तेज कर दिए हैं।