नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में 27 मई को हुए नक्सली हमले की पृष्ठभूमि पर मुख्यमंत्री रमन सिंह की ओर से बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेने से इन्कार कर दिया है। यही नहीं कार्यकर्ताओं की ओर से रमन सिंह के इस्तीफे की मांग भी तेज हो रही है।
राज्य में कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी शैलेष नीतिन त्रिवेदी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सीएम की इस बैठक को बॉयकॉट करेंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते शनिवार को पार्टी पर हुए नक्सली हमले में कई नेताओं की जान चली गई, इसके जिम्मेदार सिर्फ नक्सली नहीं हैं बल्कि सरकार भी है। उन्होंने सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रशासन नागरिकों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने में सक्षम नहीं है इसलिए ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले गृह मंत्रालय ने भी दावा किया था कि राज्य सरकार को पहले से ही हमले की जानकारी थी लेकिन सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इस बीच, रमन सिंह ने स्वीकार किया कि राज्य में सुरक्षा में कमी आई है।