लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद राजनाथ सिंह बुधवार को दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचेंगे। उत्तराखंड के आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री की खेप रवाना करने के साथ राजनाथ सिंह प्रदेशीय संगठन की खैर-खबर भी लेंगे। प्रदेश प्रभारी अमित शाह भी इस दौरान उनके साथ रहेंगे। गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों एवं प्रमुख नेताओं से रूबरू होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा राजनाथ सिंह प्रात: करीब 10:20 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उत्तराखंड हादसे के कारण स्वागत जुलूस व होर्डिग आदि लगाने की सख्ती से मनाही है। पार्टी मुख्यालय में आपदा राहत सामग्री को उत्तराखंड भेजने के लिए झंडी दिखाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। गुरुवार को प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों, मेयर और प्रमुख नेताओं से बैठक करेंगे।
राजनाथ सिंह के दो दिनी प्रवास को संगठन की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि उनके साथ प्रदेश प्रभारी अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के संगठन को कसा जाएगा। मंडल व बूथ की कमेटियों के गठन का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है। मोर्चा व प्रकोष्ठों की कमेटी बनाने का काम भी अधर में है। जिलों में तैनात किए गए प्रभारियों को लेकर सवाल उठ रहे है। उपचुनावों में पार्टी के लचर प्रदर्शन जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।