दो दिन में 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए बाबा अमरनाथ के दर्शन

30_06_2013-30amarnathyश्रीनगर [जाब्यू]। अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था शनिवार जम्मू स्थित भगवतीनगर यात्री निवास से पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। शनिवार सुबह 2370 श्रद्धालु 74 वाहनों पर निकले। वहीं दोनों आधार शिविरों बालटाल और पहलगाम से 10,985 यात्री पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। यात्रा के दूसरे दिन शनिवार सुबह बारिश ने विघ्न डाला और यात्रा करीब दो घंटे रोक दी गई, लेकिन बम-बम भोले का जयघोष लगा रहे श्रद्धालुओं के जोश के आगे बारिश थम गई। देर शाम तक 7,820 श्रद्धालु शिवलिंग के दर्शन कर चुके थे। इसी के साथ दो दिन में हिमलिंग के दर्शन करने वालों की संख्या 15 हजार पार कर गई।

दूसरे दिन भी सात हजार गैरपंजीकृत श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा की तरफ जाने का जबरन प्रयास किया, लेकिन उन्हें हल्के बल प्रयोग के बाद लौटा दिया गया। शुक्रवार को भी 12 हजार गैर पंजीकृत श्रद्धालुओं को लौटाया गया था। अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने पहले ही कई बार सूचना जारी की थी, कि पंजीकरण के बिना श्रद्धालुओं को यात्रा पर जाने की अनुमति नहीं होगी, इसके बावजूद हजारों की संख्या में श्रद्धालु बिना पंजीकरण के ही यात्रा पर आ रहे हैं। बोर्ड ने तीन जगह करंट पंजीकरण की व्यवस्था की है।

शनिवार सुबह मौसम खराब होने पर आधार शिविरों के साथ यात्रा मार्ग पर भी कई जगह बारिश हुई। इससे कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा पैदा हो गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जत्थे को आधार शिविरों में ही रोक लिया गया। यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को भी राहतकर्मियों और सुरक्षाबलों ने तुरंत सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। करीब दो घंटे यात्रा स्थगित रहने के बाद मौसम साफ होते ही बालटाल व नुनवन [पहलगाम] से श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा के लिए रवाना कर दिया गया। बालटाल से सुबह 6132 और पहलगाम से 4843 श्रद्धालु पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए।

अनंतनाग के जिला उपायुक्त फारूक अहमद लोन ने कहा कि हम किसी भी गैरपंजीकृत यात्री को यात्रा मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं देंगे। इसलिए श्रद्धालुओं से आग्रह है कि वे उच्चतम न्यायालय के निर्देशों और यात्रा नियमों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा के लिए आएं। श्रद्धालुओं को चाहिए कि वे पंजीकरण कराएं और आबंटित तिथि के अनुरूप ही अपनी यात्रा का कार्यक्रम बनाएं।

error: Content is protected !!