केकड़ी में साढ़े 32 करोड़ की लागत के राजकीय चिकित्सालय का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कहा शानदार योजनाओं से राज्य का चंहुमुखी विकास





अजमेर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान ने विकास के क्षेत्र में लम्बी छलांग लगाकर देश के अग्रणी राज्य की श्रेणी में आ रहा है। इसका आधारभूत ढ़ांचा तैयार हो चुका है। शानदार योजनाओं से प्रदेश में चंहुमुखी विकास हुआ है। राजस्थान की उन्नति का यह सफर जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने मंगलवार को अजमेर जिले के केकड़ी कस्बे में साढ़े 32 करोड़ रूपये की लागत से बने राजकीय चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया। उनके साथ केन्द्रीय कम्पनी मामलात राज्य मंत्री श्री सचिन पायलट, सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. रघु शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. चन्द्रभान भी उपस्थित थे। इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और केन्द्र सरकार की शानदार योजनाओं से राजस्थान का चहुंमुखी विकास हुआ है। सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई। जनता को इन योजनाओं से लाभ हुआ और राहत मिली। बाडमेर में रिफाईनरी, भीलवाड़ा में मेमू कोच फैक्ट्री, चम्बल परियोजना का पानी सहित अन्य योजनाओं से राजस्थान में शानदार माहौल है। राजस्थान में आधारभूत ढ़ांचा तैयार हो चुका है। अब प्रदेश अग्रणी राज्य की श्रेणी में आने लगा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने पांच साल के शासन में गांव, गरीब और आम जनता को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की। मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा योजना, नि:शुल्क जांच योजना, पशुओं के लिए निशुल्क दवा योजना, वृद्घावस्था पेंशन योजना, राजीव गांधी विद्यार्थी डिजीटल योजना इस अन्य योजनाओं से गरीब, बुजुर्ग, विद्यार्थी तथा आम आदमी को लाभ मिला है। योजनाओं के क्रियान्वयन में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता की सुविधा के लिए अब तक का सबसे बड़ा चालीस हजार पांच सौ करोड़ रूपये बजट पेश किया। इन योजनाओं के लिए धन भी मुहैया कराया गया है। विद्युत के क्षेत्र में हजारों मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ है। गांवों और शहरों में बिजली की कमी नहीं है। पेयजल से जुड़ी योजनाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर लागू किया गया है। जल्द ही अजमेर व पूरे जिले को 24 घण्टे पेयजल उपलब्ध होगा। महिलाओं के लिए भी राज्य सरकार ने जननी शिशु सुरक्षा योजना एवं शुभ लक्ष्मी जैसी योजनाएं लागू की है। इसका बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिला है। आगामी दो अक्टूबर से प्रदेश के सभी चिकित्सालयों में डायलिसिस की भी नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय कम्पनी मामलात राज्य मंत्री श्री सचिन पायलट ने कहा कि केन्द्र सरकार और राज्य सरकार ने जनता के हित में फैसले लिए हैं। यू.पी.ए. अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी की पहल पर लागू खाद्य सुरक्षा अधिनियम से देश में 82 करोड़ लोगों को भरपेट भोजन मिलेगा। कोई भूखा नहीं सोएगा। भूमि अधिग्रहण अधिनियम, मनरेगा, शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार सहित राजस्थान की निशुल्क दवा एवं जांच योजना आदि से हर वर्ग को राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि राजनीति जनता की सेवा करने का जरिया है। हमने बिना भेदभाव के राज किया है। हमें साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए हमेशा प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में अजमेर जिले का चंहुमुखी विकास हुआ है। अजमेर में हवाई अड्डा, केन्द्रीय विश्वविद्यालय, केकड़ी में 70 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाला ई-लर्निंग सेन्टर, साढ़े 32 करोड़ रूपये की लागत से बना अस्पताल सहित सैकड़ों करोड़ रूपये के विकास कार्य करवाएं गए हैं। उन्होंने केकड़ी आगमन पर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि केकड़ी एवं आसपास के 100 किलोमीटर में रहने वाले लोगों की समस्याओं के निदान के लिए यह राजकीय चिकित्सालय बनवाया गया है। इस चिकित्सालय के बन जाने से क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा सुविधाओं के लिए अब अजमेर, भीलवाड़ा व जयपुर नहीं जाना पड़ेगा।
डॉ शर्मा ने कहा कि हमने क्षेत्र के विकास के लिए राज्य और केन्द्र सरकार से जो भी मांगा वह हमे मिला है। केकड़ी क्षेत्र में सड़कों के विकास पर 800 करोड़ रूपये खर्च हुए है। राज्य सरकार के हर बजट में केकड़ी क्षेत्र को कुछ न कुछ मिला है। स्कूल, चिकित्सालय और अन्य प्रशासनिक इकाईयां केकड़ी क्षेत्र में स्थापित कराई गई हैं।
मुख्य सचेतक डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछले पांच सालों में केकड़ी क्षेत्र का जितना विकास हुआ है वह अभूतपूर्व है। हमने पूरी कोशिश की है कि केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सुविधाओं के लिए अन्यंत्र नही जाना पड़े। हम अपनी कोशिश में काफी हद तक कामयाब भी हुए हंै। लगभग 2500 करोड़ के कार्य हुए हैं।
कार्यक्रम को डॉ. चन्द्रभान एवं राज्य सभा सांसद डॉ. प्रभा ठाकुर सहित अन्य वक्ताओं ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम में शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती नसीम अख्तर इंसाफ, खेल एवं युवा मामलात मंत्री श्री मांगीलाल गरासिया, संसदीय सचिव श्री ब्रह्मदेव कुमावत, नसीराबाद विधायक श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर, किशनगढ़ विधायक श्री नाथूराम सिनोदिया, शाहपुरा के विधायक, महापौर श्री कमल बाकोलिया, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, केकड़ी प्रधान पुष्प कंवर शक्तावत, श्री भूपेन्द्र सिंह राठौड़ आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने केकड़ी के लिए अनेक घोषणाएं की
अजमेर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने आज अजमेर जिले के केकड़ी क्षेत्र के संक्षिप्त दौरे में इस क्षेत्र के विधायक और मुख्य सचेतक डॉ. रघु शर्मा के अनुरोध पर केकड़ी क्षेत्र के लिए अनेक घोषणाएं की, जो इस क्षेत्र के हो रहे विकास को और गति देंगी।
मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने ग्राम बिड़ला व नापाखेडा के सैकण्डरी स्कूल को सीनियर सैकण्डरी स्कूल में क्रमोन्नत करने, नया गांव मीणा की मिडिल स्कूल को जहां सैकण्डरी स्कूल में क्रमोन्नत करने की घोषण की, वहीं इस विधानसभा क्षेत्र के सराना ग्राम में छात्राओं के लिए सैकण्डरी स्कूल खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने देवगांव में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) खोलने की भी घोषणा राजकीय चिकित्सालय केकड़ी के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण समारोह में की।
डॉ. रघु शर्मा ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे इस क्षेत्र के शिक्षा के अलख में और बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री का हेलीपेड पर स्वागत
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का आज प्रात: हेलीकॉप्टर से केकड़ी पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत और अभिनन्दन किया। केन्द्रीय कम्पनी मामलात राज्यमंत्री श्री सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री श्री गहलोत का माल्यार्पण किया तथा मुख्य सचेतक एवं केकड़ी के विधायक डॉ. रघु शर्मा ने माल्यार्पण कर स्वागत व अभिनन्दन किया। हेलीपेड पर शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती नसीम अख्तर इंसाफ, खेल एवं युवा मामलात राज्यमंत्री श्री मांगीलाल गरासिया, संसदीय सचिव श्री ब्रह्मदेव कुमावत, नसीराबाद विधायक श्री महेन्द्र सिंह गुर्जर, किशनगढ़ विधायक श्री नाथूराम सिनोदिया, शाहपुरा के विधायक, महापौर श्री कमल बाकोलिया, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती ने भी स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर में पूर्व मंत्री डॉ. चन्द्रभान व खेल राज्यमंत्री श्री मांगीलाल गरासिया भी थे। हेलीपेड पर संभागीय आयुक्त श्री आर.के. मीना, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनिल पालीवाल, जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया तथा पुलिस अधीक्षक श्री गौरव श्रीवास्तव ने भी अगुवानी की।
मुख्यमंत्री दौरे की झलकियां
सुरक्षा के कड़े इंतजाम-केकड़ी में साढ़े 32 करोड़ रूपये की लगात से नवनिर्मित नए राजकीय अस्पताल भवन के लोकार्पण पर आयोजित आमसभा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की आमसभा के दौरान काले झण्डे दिखाने और नारेबाजी कर माहौल खराब करने की आशंका के चलते हेलीपेड, नए अस्पताल भवन और मंच के आस पास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। जिला कलक्टर वैभव गालरिया और पुलिस कप्तान गौरव श्रीवास्तव मुस्तैदी से तैनात दिखाई दिए। प्रशासन ने लोकार्पण एंव आमसभा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदारों को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया था। कड़ी सुरक्षा का आलम यह था की मीडियाकर्मियों को महाविद्यालय परिसर में बनाए गए हेलीपेड स्थल पर भी जाने की अनुमति नहीं दी गई। मुख्यमंत्री के लोकार्पण के लिए हेलीपेड से अस्पताल भवन आने और आमसभा होने तक अजमेर रोड़ पर करीब डेढ़ घण्टे तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया।
एक दिन पहले बारिस से बिगड़े हालात-
केकड़ी में नए अस्पताल भवन के बहुप्रतिक्षित लोकार्पण के अवसर पर होने वाली मुख्यमंत्री की आमसभा की सफलता पर उस समय एकबारगी प्रश्र चिन्ह लग गया था जब सोमवार रात्रि को अजमेर रोड़ पर बादल जमकर बरसे। करीब 20 मिनट हुई तेज बारिस के कारण आमसभा के पाण्डाल मेें पानी भर गया था ओर शामियाने अस्त वस्त हो गए, मेटिंग भीग गई व सब जगह कीचड़ ही कीचड़ हो गया। मंगलवार को इन्द्र देवता मेहबान रहे, बारिस नहीं आने से दोपहर तक काफी सूखा हो गया जिससे आमसभा में लोग बैठने की स्थिति में आ सके।
ढ़ोल नगाड़ों के साथ पहुंचे लोग-
केकड़ी में नए अस्पताल भवन के लोकार्पण को लेकर क्षेत्र एवं शहर के लोगों मेें खासा उत्साह नजर आया। एक ओर जहां नए अस्पताल भवन को देखने के लिए सोमवार शाम से ही शहर के लोगों का तांता लगा रहा वहीं दूसरी ओर मंगलवार को सुबह क्षेत्र से लोग ढ़ोल नगाड़ों के साथ नाचते गाते सभा स्थल पर पहुंचे। वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सभा स्थल से थोड़ी दूर किए जाने के कारण अजमेर मार्ग पर मेले जैसा माहौल नजर आया। आस पास और दूर दराज से आने वाले ग्रामीण कांग्रेस के झण्ड़े लिए ढ़ोल नगाड़ों के साथ सभा स्थल पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री के आगमन तक रह रहकर ढ़ोल, नगाड़ों और अलगौजों की गुंज सुनाई देती रही।
भीड़ को लेकर बयानबाजी- कांग्रेस प्रवक्ता रतन पंवार ने मुख्यमंत्री की आमसभा को ऐतिहासिक सफल बताते हुए कहा कि सभा में क्षेत्र के 15 हजार से ज्यादा लोग नवनिर्मित अस्पताल भवन के जश्र में शामिल हुए। वहीं दूसरी और भाजपा नेता रिंकू कंवर राठौड़, शत्रुध्न गौत्तम व रामेश्वर बम्बोरिया ने कहा कि विधायक रघु शर्मा की दस दिनों से मशक्कत व सरकारी मशीनरी के भारी दुरूपयोग के बावजूद भी आमसभा में 4, 5 हजार लोग ही शामिल हुए।
मोदी को बताया दंगा विशेषज्ञ- कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. चन्द्रभान ने गुजरात के मुख्यमंत्री व भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को दंगा विशेषज्ञ करार देते हुए कहा कि राजस्थान मेें कहीं भी साम्प्रदायिक माहौल खराब नहीं हुआ था लेकिन जब से बीजेपी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है भारतीय जनता पार्टी के लोग प्रदेश में माहौल खराब करने मेें लग गए है।
माईक की सीटी ने किया परेशान- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की आमसभा के दौरान खराब माईक व्यवस्था के कारण वक्ताओं के भाषण के दौरान रह रहकर व्यवधान उत्पन्न होता रहा जिससे आयोजिक खासे परेशान नजर आए। आमसभा के अंत मेें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उदबोधन के दौरान भी जब माईक की रह रहकर सीटी गूंज रही थी जिससे लोगों को गहलोत का अधिकांश भाषण ही सुनाई नहीं दिया। लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री गहलोत इस पर चुटकी लेना नहीं भूले, उन्होंने कहा कि राजस्थान में बही विकास की गंगा से माईक भी उत्साहित होकर बार-बार सीटी बजा रहा है। इस पर लोग खिल खिला उठे।
रघु पर महरबान रहे इन्द्र –
गहलोत की सभा को लेकर जहां पिछले कई दिनों से सरकारी मुख्य सचेतक डा.रघु शर्मा दौड़ धूप कर रहे थे वहीं सोमवार रात उस समय उनके माथे पर चिंता की लकीरें आ गई जब इन्द्रदेव ने शहर सहित आस पास के क्षेत्र को जमकर भिगोया। सोमवार रात हुई बरसात के बाद जैसे तैसे पूरी रात तैयारियां कर सभा स्थल व मंच तैयार किया गया और दुआ की गई गई मंगलवार को बरसात इस सभा में खलल ना डाले। सूत्रों की मानें तो इन्द्रदेव को मनाने के लिये कांग्रेसजनों द्वारा कई टोनों-टोटकों का भी सहारा लिया गया। आखिरकार मंगलवार को इन्द्रदेव की महरबानी रघु शर्मा पर रही और ना तो बरसात हुई ना ही उसकी आशंकाऐं कहीं दिखाई दी।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने खूब लगाये नारे –
गहलोत की सभा के दौरान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष केकड़ी सतीश मालू ने अपने समर्थकों के साथ गहलोत व रघु शर्मा के खूब नारे लगाये। मालू जोश फरोश के साथ ज्यों की गहलोत किसी बिन्दू को लेकर संबोधित करते तो खड़े होकर नारे लगाने लगते। मालू द्वारा बार-बार नारेबाजी करने से मंच पर बैठे सभी नेताओं का ध्यान भी मालू की ओर आकर्षित हुआ।
यह थे मौजूद –
गहलोत की सभा के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष छोटूलाल कुमावत,महामंत्री शैलेन्द्र सिंह शक्तावत,नगर अध्यक्ष निर्मल चौधरी,सरपंच संघ अध्यक्ष धर्मीचन्द न्याती,क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष मदन गोपाल चौधरी,जिला परिषद सदस्य सीमा चौधरी,प्रवक्ता रतन पंवार,धनेश जैन,मुकेश जैन, सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित थे।
-तिलक माथुर, पीयूष राठी