जिले के सरकारी विभागों में कर्मचारियों ने किया मतदान का संकल्प
विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों एवं कॉलेजों में भी मतदाता जागरूकता आयोजन
अजमेर। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वैभव गालरिया ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता के लिए यह जरूरी है कि देश का हर नागरिक मतदान का महत्व समझे। युवा मतदान एवं मतदाता जागरूकता में अहम भूमिका निभा सकते हैं। युवा अपनी भूमिका अच्छे से निभाएं, एक दिसम्बर को मतदान करें एवं औरों को भी पे्ररित करें।

श्री गालरिया सोमवार को सोफिया कॉलेज में युवा मतदाता छात्राओं को सम्बोधित कर रहे थे। सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एण्ड इलेक्टोरल पार्टीसिपेशन (स्वीप) एवं प्रजातंत्र का उत्सव के तहत जिले में कई स्थानों पर मतदाता जागरूकता के कई कार्यक्रम एवं सरकारी विभागों में कर्मचारियों को मतदान का संकल्प दिलाया गया। सोफिया कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री गालरिया ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में हम सभी को भागीदारी निभानी है । लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान का महत्व है। हम अपना दायित्व व कर्तव्य निर्वहन करें। श्री गालरिया ने कहा कि इस बार चुनाव में निर्वाचन विभाग ने कई निर्देश दिए है ।

स्वीप और प्रजातंत्र का उत्सव के तहत हम सभी वर्गों के मतदाताओं से मतदान का आग्रह कर रहे है। इसमें भी युवाओं की सबसे अहम भूमिका है। युवा अपनी जिम्मेदारी समझें तथा एक दिसम्बर को आवश्यक रूप से मतदान करें। युवा अपने मित्रों, परिजनों, परिचितों तथा आसपास रहने वालों को भी मतदान के लिए पे्ररित करें। उन्होंने बताया कि इस बार सभी मतदाताओं को उनके घर पर जिला निर्वाचन विभाग द्वारा निमंत्रण पत्र एवं पीले चावल भेजे जा रहे हैं । यह हमारी तरफ से आप सभी को मतदान के लिए पधारनें का निमंत्रण है। सभी एक दिसम्बर को ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ मतदान के लिए पधारें। इस बार सभी मतदाताओं को उनके घर पर फोटो युक्त मतदाता पर्ची भेजी जा रही है। यह पर्ची लेकर आप मतदान करने आए तो आपकों किसी अन्य फोटोयुक्त दस्तावेज की जरूरत नही है। उन्होंने कॉलेज की छात्राओं से आग्रह किया कि वे मतदान अवश्य करें। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए स्वीप अध्यक्ष श्री सी.आर.मीना ने जिले में मतदाता जागरूकता के लिए किए गए आयोजनों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न महाविद्यालयों में हजारों युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ा गया है। इस अवसर पर कॉलेज की छात्राओं ने लघु नाटिका का मंचन कर मतदाता जागरूकता एवं मतदान का महत्व समझाया। प्रजातंत्र का उत्सव के तहत सोमवार को जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में कर्मचारियों ने मतदान का संकल्प लिया। जिला कलेक्ट्रेट में जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया, जिला परिषद में मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सी.आर.मीना, सूचना केन्द्र में उप निदेशक श्री प्यारे मोहन त्रिपाठी एवं अन्य विभागों में विभागाध्यक्षों ने कर्मचारियों को मतदान अवश्यक करने का संकल्प दिलाया। कर्मचारियों ने लोकतंत्र में निष्ठा, लोकतांत्रिक परम्पराओं, स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचनों की गरीमा को बनाएं रखने तथा निर्वाचन में निर्भय होकर धर्म, मूल वंश, जाति, समुदाय एवं भाषा के विचार या किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने की प्रतिज्ञा की । सोमवार को मण्डल रेल कार्यालय, जीवन बीमा निगम, अभियांत्रिकी महाविद्यालय तथा अन्य संस्थानों में भी मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
