अजमेर। जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया के निर्देश पर आज जनसुनवाई में अजमेर के निकटवर्ती ग्राम माखूपुरा के 34 व्यक्तियों का भाग्य खुला और श्री गालरिया के निर्देश पर उपखण्ड अधिकारी अजमेर श्री राष्ट्रदीप यादव ने इन 34 व्यक्तियों को खातेदारी अधिकार देते हुए तत्काल नामांतरकरण खोलने के निर्देश तहसीलदार अजमेर को दिए।
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं के तत्काल निदान करने के अनुसरण में जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया ने आज प्रात: से कलेक्टे्रट के सभागार में जनसुनवाई प्रारम्भ की जिसमें माखूपुरा ग्राम निवासी गुलाबदास वैष्णव ने अनुरोध किया कि वर्षों से उसकी जमीन पर मकान बना हुआ है परन्तु पट्टा नगर निगम द्वारा नहीं दिया जा रहा हैं, इस पर श्री गालरिया ने नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पट्टा देने के संबंध में निर्देश दिए तो बताया गया कि जमीन सिवायचक हैं, जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी अजमेर से तत्काल राजस्व रिकार्ड की स्थिति बताने को कहा गया इस पर स्थिति स्पष्ट हुई कि माखूपुरा के 67 व्यक्तियों के प्रकरण राजस्व रिकार्ड में भूरूपांतरण एवं बाद में चौसाला में छोड़ दिए गए जिससे उनकी जमीन की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। जनसुनवाई में आज ऐसे 34 प्रकरणों का निस्तारण कर संबंधित व्यक्तियों को उनकी कृषि भूमि के खातेदारी अधिकार के आदेश जारी किए गए जिनका नामांतरकरण कल खोला जाएगा।
जिला कलक्टर ने नगर निगम को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में निर्णित हुए मामलों के आधार पर पट्टे देने की कार्यवाही तत्काल करें। आज निर्णित 34 प्रकरणों में लगभग दो सौ बीघा भूमि की खातेदारी दी गई।
जटाशंकर को मिला न्याय
जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया के सम्मुख आज जनसुनवाई में भिनाय उपखण्ड के देवलिया कलां ग्राम निवासी ईश्वर दत्त पुत्र विष्णु दत्त शर्मा जो वर्तमान में हाथीभाटा अजमेर में रह रहे हैं ने एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि देवलिया कला में उसकी तीन खातों की जमीन में नाम शिवशंकर जयशंकर दर्ज है जबकि वास्तविक नाम शिवदत्त जटाशंकर होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने पूर्व में कई बार अनुरोध किया परन्तु नाम दुरूस्ती नही हुई। श्री गालरिया ने तत्काल मसूदा उपखण्ड अधिकारी जिनके पास भिनाय उपखण्ड का भी कार्य है को दूरभाष पर तत्काल नाम दुरूस्ती के लिए निर्देश दिए इस पर उपखण्ड अधिकारी भिनाय ने आज सांयकाल एक आदेश जारी कर देवलिया कलां की वर्तमान जमाबंदी के खाता संख्या 82, 476 तथा 477 जिनका रकबा लगभग 14 बीघा है पर नाम शिवशंकर जयशंकर के स्थान पर शिवदत्त, जटाशंकर कर तत्काल राहत प्रदान की।
5 साल बाद 5 घण्टे में रिकार्ड मिला
जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया ने जनसुनवाई में आए भवानीपुरा-खरवा निवासी मंगलाराम वैष्णव द्वारा की गई शिकायत पर मंगाया गया रिकार्ड आज पांच साल बाद पांच घण्टे में कलेक्टे्रट में प्राप्त हुआ। मंगलाराम वैष्णव ने जनसुनवाई में अनुरोध किया कि उसका एक प्रकरण कलेक्टे्रट के एक न्यायालय में चल रहा हैं परन्तु न्यायालय द्वारा वर्ष 2009 से विकास अधिकारी मसूदा से रिकार्ड मांगा जा रहा है जो अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया। श्री गालरिया ने दूरभाष पर ही विकास अधिकारी मसूदा को आज ही रिकार्ड कलेक्टे्रट भिजवाने के निर्देश दिए जिसकी पालना में मसूदा से सांयकाल रिकार्ड प्राप्त हुआ।
दौराई के नागरिक को खातेदारी की सही नकल उपलब्ध हुई
जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया की जनसुनवाई में निकटवर्ती ग्राम दौराई निवासी हस्तीमल जैन ने अनुरोध किया कि उसके खसरा नम्बर 1591 से 1596 की प्रमाणित प्रतिलिपि पटवारी से मांगी गई परन्तु काफी समय पश्चात उसने गलत खसरा नम्बर 1581 से 1586 डालकर नकल उपलब्ध कराई । जमाबंदी की सही नकल के लिए बार-बार अनुरोध करने पर भी उसे उपलब्ध नहीं कराई गई। जिला कलक्टर ने निर्देश पर अजमेर तहसील के कानूगो द्वारा सही खसरा नम्बर 1591 से 1596 डालकर नकल उपलब्ध कराई गई।