पानी, बिजली, मौसमी बीमारियों,पेयजल व अकाल राहत कार्यो संबंधी साप्ताहिक बैठक आयोजित

अजमेर। जिला कलक्टर श्री भवानी सिंह देथा ने कहा कि विभाग आपसी समन्वय व सकारात्मक रूख बनाए रखते हुए जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें।
श्री देथा आज जिला कलेक्टे्रट सभागार में पानी, बिजली, मौसमी बीमारियों, पेयजल एवं अकाल राहत कार्योें संबंधी साप्ताहिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अजमेर जिले में स्वाइन फ्लू एवं मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु किए जा रहे कार्यो की जानकारी ली। श्री देथा ने कहा कि स्वाइन फ्लू से बचाव हेतु आमजन को जागरूक किया जाना आवश्यक है। अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड, दवा वितरण, दवाओं के स्टॉक आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए।
जिला कलक्टर श्री देथा ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों सेे ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के विद्युत बिलों को माफ करने संबंधी जानकारी ली। अधिकारियों ने इस अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर 132 केवी के जी.एस.एस. की स्थापना, अवैध कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए किए गए कार्यो की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
श्री देथा ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को जिले में उचित दबाव से पेयजल की आपूर्ति एवं पेयजल की शुद्घता के संबंध में निर्देश प्रदान किए। उन्होंने जलजनित रोगों से बचाव हेतु किए गए उपायों की जानकारी ली।
श्री देथा ने कृषि, पशुपालन, आयुर्वेद, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत की गई प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।