
ब्यावर, (हेमन्त साहू)। श्री साफ वातावरण स्वास्थ्य योजना के अन्तर्गत ग्राम पंचायत अॅधेरी देवरी के भरकाला गांव के 30 चयनित परिवारों की महिलाओं को उनके व बच्चों के स्वास्थ्य तथा पर्यावरण की रक्षा तथा ईंधन की बचत हेतु अनुदानित दर पर करीब पचास हजार रूपयों की लागत के कम धुॅऐ वाले चूल्हों का वितरण कम्पनी के राकेश भार्गव- उपाध्यक्ष (पर्यावरण) द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री भार्गव ने कहा है कि व्यक्ति के उश्रम स्वास्थ्य हेतु अच्छे वातारण का होना बहुत जरूरी हैं और यह वातावरण हम पर्यावरण को बचा कर ही कर सकते हैं। वितरण किये जा रहे कम धुऐं वाले चूल्हों से करीबन 80 प्रतिशत कम गैस का उत्पादन होगा तथा 50 प्रतिशत ईंधन की बचत भी होगी जिससे ग्रामीण महिलाओं का स्वास्थ्य ठीक रहेगा तथा पर्यावरण का बचाव होगा।
सरपंच जगदीश सिंह रावत ने कम्पनी द्वारा आस-पास के ग्रामीणजनों के लाभार्थ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ढांचागत विकास, पर्यावरण बचाव आदि हेतु किये जा रहे कार्यो की भरपूर सराहना की तथा अधिकारियों को सामाजिक सरोकार के कार्यो के लिऐ धन्यवाद दिया व आभार जताया।
सहायक महाप्रबंधक श्याम शर्मा ने कम्पनी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी से अवगत कराया तथा उनका अधिक से अधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में कम्पनी के विनोद पालीवाल, समाज सेवा अधिकारी अमित टाक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, गामीणजन व महिलाऐं उपस्थित थी।