विधायक के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी

शंकर सिंह रावत ने पुलिस को दी शिकायत, असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही की मांग
shankar singh rawatब्यावर। विधायक शंकर सिंह रावत द्वारा ऐतिहासिक जीत के साथ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनवाना विरोधियों को रास नहीं आया। इसे लेकर विधायक के विरोधियों की ओर से सोशियल मीडिया पर अशोभनीय टिप्पणियां की गई। इसमें विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए गए। वॉट्सएप पर भेजे गए संदेशों में ब्यावर की नवनिर्वाचित सभापति बबीता चौहान व भाजपा मंडल अध्यक्ष चैनसुख हेड़ा को भी निशाना बनाते हुए अभद्र टिप्पणियां की गई है। देश के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन आरएसएस के खिलाफ भी अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। वॉटसएप के विभिन्न समूहों में कई लोगों द्वारा भेजे गए इन संदेशों की विधायक ने कड़े शब्दों में निंदा की है। रावत ने बताया कि यह किसी असामाजिक तत्व की साजिश है। किसी ने मीडिया के नाम का दुरुपयोग किया है। संभवत: ब्यावर में भाजपा की ओर से करवाया जा रहा विकास और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना विरोधियों को रास नहीं आ रहा है। इसी वजह से कुछ लोग निजी स्वार्थ की खातिर दूसरों को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे संदेश भेजकर शहर के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाडऩे का प्रयास किया जा रहा है। जिन भी लोगों ने यह कृत्य किया है उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए। विधायक ने शहर थाना पुलिस को शिकायत देकर मामले की जांच करने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की है। गौरतलब है कि इस संबंध में कल पत्रकार सुमित सारस्वत ने भी एसडीएम और पुलिस को शिकायत दी थी। जानकारी मिली है कि वॉटसएप पर वायरल हुए संदेशों को लेकर सभापति व भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
-सुमित सारस्वत

error: Content is protected !!