संभागीय आयुक्त ने केन्द्रीय विश्वविद्यालय में कुलपति व शिक्षकों से चर्चा
अजमेर। संभागीय आयुक्त डॉ. धर्मेन्द्र भटनागर नें शिक्षाविदें से हैरिटेज व स्मार्ट सिटी योजना में सक्रिय रूप से जुडऩे का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अजमेर को विकसित एवं समृद्घ बनाने के लिए सभी सक्रिय रूप से सहयोग करें।
संभागीय आयुक्त डॉ. भटनागर ने शुक्रवार को केन्द्रीय विश्वविद्यालय में कुलपति एवं शिक्षकों के साथ चर्चा में यह बात कही। संभागीय आयुक्त ने आज केन्द्रीय विश्वविद्यालय में शिक्षाविदें के साथ बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि अजमेर को स्मार्ट व हेरीटेज सिटी के रूप में चयनित किया गया है। इसे जन आंदोलन बनाये जाने की जरूरत है।
संभागीय आयुक्त ने बताया कि अजमेर को हेरीटेज व स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए समाज के विभिन्न वर्गाें से चर्चा की गई है। इस चर्चा सार्थक नतीजे आम जनता के विचारों के रूप में सामने आए हैं। इन विचारों से नि:सन्देह शहर के विकास में सहायता मिलेगी। उन्होंने केन्द्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षकों का आह्वान किया कि वे भी इस यज्ञ में अपनी आहूति दे और शहर को ऐज्यूकेशन हब के रूप में विकसित करने में सहायता करें।
संभागीय आयुक्त श्री भटनागर ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए.पी. सिंह से आग्रह किया कि अजमेर के हेरीटेज स्वरूप को निखारने व प्रचारित करने के लिए प्रशिक्षित गाइड की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय इस संबंध में अपने यहां गाइड पाठ्यक्रम शुरू करे। इसी तरह मार्बल एवं स्मार्ट सिटी से जुड़े पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाए तो स्थानीय युवाओं को रोजगार में सहायता मिलेगी तथा केन्द्र व राज्य सरकार का स्किल डवलपमेंट का उद्देश्य भी पूरा होगा। विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक में कई शिक्षक उपस्थित थे।