महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू करे जन जागरण-देवनानी

अजमेर। अजमेर उत्तर विधायक प्रो. वासुदेव देवनानी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से महंगाई भ्रष्टाचार व एफडीआई के खिलाफ जन जागरण शुरू करने का आव्हान किया। देवनानी आज प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार आयोजित बजरंग मण्डल के कार्यकताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
देवनानी ने अपने सम्बोधन में भ्रष्टाचार में डूबी केन्द्र सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि आए दिन सरकार के मंत्रीयों के काले कारनामें उजागर हो रहे है। केन्द्र सरकार की जनविरोधी एवं अदूरदर्शी नीतियों के कारण देश में महंगाई ने विकराल रूप धारण कर लिया है तथा आम आदमी को अपने परिवार के भरण-पोषण में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। देवनानी ने केन्द्र सरकार द्वारा एफडीआई को मंजूरी दिये जाने को देश के लिए अत्यन्त घातक कदम बताते हुए कहा कि इससे देश में बेरोजगारी बढ़ेगी व देश के खुदरा व्यापारियों व दुकानदारों का अस्तित्व खतरे में आ जाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि केन्द्र की कांग्रेसनीत सरकार की जनविरोधी नीतियों व भ्रष्टाचार के कारनामों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज में सरकार के खिलाफ जागृति लाऐ। भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष जयकिशन पारवानी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए वर्तमान में निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने व कटवाने के सम्बंध में चल रहे अभियान की जानकारी देते हुए भाजपा बीएलए से आव्हान किया कि उनके क्षेत्र में ऐसा कोई मतदाता नहीं रहे जिसका नाम जुड़ने से रह जाऐ।
भाजपा सदस्यता अभियान के प्रभारी भगवती प्रसाद सारास्वत ने बैठक में सदस्यता अभियान व सक्रिय सदस्यता के सम्बंध में जानकारी दी।
भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष अरविन्द यादव ने बैठक में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार के विरोध में जन-जागृति उत्पन्न करने के लिए सम्पूर्ण प्रदेश में भाजपा द्वारा कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस क्रम में अजमेर में आयोजित मण्डल, वार्ड व बूथ स्तर तक के कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रमों को सफल बनावें।
बैठक में भाजपा बजरंग मण्डल अध्यक्ष आनन्द सिंह राजावत ने आगामी 5 से 20 नवम्बर तक मण्डल में विभिन्न वार्डो के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि वार्डो में बैठकों व नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर आमजन को महंगाई, भ्रष्टाचार व केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में मंच संचालन मण्डल महामंत्री एवं पार्षद जे.के.शर्मा ने किया। बैठक में मण्डल के शहर जिला पदाधिकारी, मण्डल पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य, बूथ प्रमुख व बीएलए, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

error: Content is protected !!