अजमेर 12 जनवरी। राजस्थान माध्यमिक षिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. बी. एल. चौधरी ने कहा है कि बोर्ड कटिबद्ध है कि प्रायोगिक परीक्षा को लेकर कोई भी विद्यालय या परीक्षक विद्यार्थियों पर अनुचित दबाव न बनाये। 18 जनवरी से प्रारम्भ होने वाली प्रायोगिक परीक्षाओं पर बोर्ड पूरे राज्य के परीक्षा केन्द्रों पर अपनी पैनी निगाह रखेगा। बोर्ड के उड़नदस्ते प्रायोगिक परीक्षाओं के दौरान प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर यह भी सुनिश्चित करेंगे कि इन परीक्षाओं का आयोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
प्रो. चौधरी बुधवार को बोर्ड के सभाकक्ष में प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बनाये विशेष उड़नदस्तों के संयोजकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व प्रायोगिक परीक्षा के लिए विशेष उड़नदस्ते बनाने का जो अभिनव प्रयोग किया गया था वह सफल रहा। निरीक्षण दल के साथ विड़ियोग्राफर भी रहेगा जो सम्पन्न हो रही परीक्षा की विड़ियोग्राफी भी करेगा। इस वर्ष बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए पूरे राज्य 41 विशेष उड़नदस्ते बनाये है। प्रत्येक जिले में न्यूनतम एक उड़नदस्ते का गठन किया गया है।
बोर्ड सचिव श्रीमति मेघना चौधरी ने कहा कि ये उड़नदस्ते के सदस्य फील्ड में बोर्ड की आँख, नाक और कान है। इसलिए इन पर महत्ती जिम्मेदारी है कि सैद्धांतिक परीक्षा के समान प्रायोगिक परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनी रहे। सीनियर सैकण्डरी के कम्प्यूटर विज्ञान और गृहविज्ञान के प्रायोगिक परीक्षायें जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा बाह्य परीक्षक नियुक्त कर सम्पन्न करायी जायेंगी। इस वर्ष से परीक्षकों की नियुक्ति जिला स्तर पर यानि जिले में ही की जानी है,परन्तु किसी भी परीक्षक को उसी विद्यालय में जहाँ वह कार्यरत है उस विद्यालय में नियुक्त नहीं किया जा सकेगा। सीनियर सैकण्डरी परीक्षा 2018 के नियमित परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाऐं 18 जनवरी से 17 फरवरी, 2018 तक तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाऐं 17 फरवरी से 23 फरवरी, 2018 के मध्य होगी। स्वयंपाठी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाओं की सूचना यथासमय उनके आवेदित पते पर प्रेषित की जायेगी। प्रायोगिक परीक्षा के दौरान विद्यालय में नियत तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थी की परीक्षा उसी परीक्षक द्वारा उसी विद्यालय में लिए जा रहे अन्य बैच के साथ शाला प्रधान की अनुमति से कराई जा सकेगी। किसी भी स्थिति में अन्य परीक्षक अथवा अन्य विद्यालय में परीक्षा की अनुमति नहीं दी जाएगी अन्यथा स्थिति में परीक्षार्थी को प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित मानकर परिणाम जारी कर दिया जायेगा।
बोर्ड के निदेशक (गोपनीय) जी.के. माथुर ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा से संबंधित वांछित जानकारी देने हेतु बोर्ड कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। 15 जनवरी से प्रायोगिक परीक्षा समाप्ति तक नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। इस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नं. 0145-2620739, 2623646 व 98751-74842 एवं फैक्स संख्या 0145-2426994 है। सभी विद्यालय एवं परीक्षकों को उनके द्वारा ली जाने वाली प्रायोगिक परीक्षा की निर्धारित तिथि की सूचना आवश्यक रूप से बोर्ड के नियंत्रण कक्ष को देनी होगी। बैठक में विशेषाधिकारी (परीक्षा) श्रीमती प्रिया भार्गव, वित्तीय सलाहकार-श्रीमति आनन्द आशुतोष और उपनिदेशक-राजेन्द्र गुप्ता भी उपस्थित थे। .
उप निदेषक (जनसम्पर्क)