शिक्षा राज्यमंत्री ने वार्ड 7 में ली बैठक

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 13 अप्रैल। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि भाजपाराज में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, चिकित्सा सहित प्रत्क क्षेत्र में राजस्थान ने अभूतपूर्व तरक्की की है। अजमेर जिले में चार साल में 7000 करोड़ से अधिक के काम हुए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस विकास नहीं होने का दुष्प्रचार कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता अपनी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।
शिक्षा राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने आज विधायक संवाद कार्यक्रम के तहत वार्ड संख्या 7 में आमजन, बूथ स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को शीघ्र निर्देश दिए कि इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को राज्य सरकार द्वारा कराए गए कामों की भी जानकारी दी। उन्होंने लोंगिया मौहल्ला स्थित वाल्मिकी समाज के प्रमुख व्यक्तियों से भी मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार भाजपाराज में विकास नहीं होने का दुष्प्रचार कर रही है। हमारे काम तो सबको दिख रहे हैं। हम बता रहे हैं कि हमने कितने काम करवाए। कांग्रेस यह क्यों नहीं बताती कि उसने क्या किया। कांग्रेसराज में शहर में कोई काम नहीं हुआ। हम प्रत्येक वार्ड में करोड़ों रुपए के काम गिना रहे हैं। वो लाखों के तो बताएं। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के दुष्प्रचार का मुकाबला करें।
श्री देवनानी ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में अन्नपूर्णा रसोई, भामाशाह योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राजश्री योजना, पेंशन योजना एवं अन्य योजनाओं से लाखों लोगों को राहत प्रदान की गई है। भाजपाकार्यकर्ता आमजन तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। भाजपा का कार्यकर्ता सबसे निष्ठावान कार्यकर्ता है। कार्यकर्ता की शक्ति के सहारे ही हम आज पूरे देश में सत्ता में हैं। ।
श्री देवनानी ने कहा कि हमने शहर में बिना भेदभाव प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य करवाए हैं। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सिर्फ चार साल में सैकड़ों करोड़ के काम कराए गए हैं। अजमेर में चिकित्सालय, आनासागर के चारों ओर पाथवे का निर्माण, सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, क्षेत्र के गांवों में आजादी के बाद पहली बार घर घर पेयजल आपूर्ति, रेलवे स्टेशन का नया प्रवेश द्वार, शहर व गांवों की सडकों का सुदृढ़ीकरण, मुख्य मार्गों पर पोललेस व अंडर ग्राउंड केबलिंग सहित कई ऐसे कार्य हैं जिनसे बड़ी संख्या में आमजन को राहत मिली है। विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में 7 करोड़ से अधिक राशि से कक्षा-कक्ष एवं अन्य काम करवाए गए हैं।
इस दौरान भाजपा शहर महामंत्री रमेश सोनी, मण्डल अध्यक्ष योगेश शर्मा, भाजयुमो महामंत्री अनिल नरवाल, पार्षद वन्दना नरवाल, मोहनदास सोनी, चतुर्भज नायक, गौरव मीरवानी, सागर संगेला, राकेश पंवार, सुनील, अली मोहम्मद आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

error: Content is protected !!