विधायक कोष से स्वीकृत किए 3 करोड़ 8 लाख 56 हजार

अजमेर, एक जून। महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती अनिता भदेल ने विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष से विभिन्न विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ 8 लाख 56 हजार के कार्यों की अनुशंषा जिला परिषद को भेजी। इन कार्यों की कार्यकारी एजेंसी अजमेर विकास प्राधिकरण रहेगी।
श्रीमती भदेल ने बताया कि अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 भगवानगंज विद्यालय में 2 कक्षा कक्ष मय बरामदा निर्माण के लिए 19 लाख 70 हजार, वार्ड संख्या 44 में श्रीनगर रोड का नाला मामाजी की दुकान से आनासागर एस्केप चैनल तक नाला पुर्ननिर्माण व कवरिंग तथा पिले मियां का तकिया तोपदड़ा में सीसी रोड निर्माण के लिए 20-20 लाख, वार्ड संख 28 पुरानी पुलिस चौकी के पिछे सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 32 मालियान स्कूल के पिछे नाली व सड़क निर्माण तथा वार्ड संख्या 42 जे पी नगर सैक्टर 3 में सामुदायिक भवन के लिए 15-15 लाख, वार्ड संख 23 सियाराम नगर गली नम्बर एक व 8 में सड़क निर्माण पर 13 लाख, वार्ड संख्या 3व कृष्णा कॉलोनी तथा इन्द्रापुरी में सड़क व नाली निर्माण के लिए 12-12 लाख, वार्ड संख्या 21 विशाल कंवर कॉलोनी सीसी सड़क मय नाली, वार्ड संख्या 24 सूर्यनगर कॉलोनी पीपा फैक्ट्री के पिछे सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 29 अशोक विहार कॉलोनी गली नम्बर 5 व 6 में सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 31 शिवाजी नगर आदर्श नगर में पेवर सड़क निर्माण, शिव कॉलोनी नया घर गुलाब बाड़ी में सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 37 जैसलमेर हाउस के पीछे शंकर नगर से सटी नई कॉलोनी में नई सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 39 दानमल माथुर कॉलोनी में सड़क व नाली निर्माण तथा मण्डल मुख्यालय तोपदड़ा स्काउट व गाईड परिसर में कमरा निर्माण के लिए 10- 10 लाख, दयानन्द बाल सदन में एम्बूलेंस के लिए 9 लाख 21 हजार, डीबीएन स्कूल के पास देवनगर गली में सड़क व नाली निर्माण, वार्ड संख्या 23 जय कृष्णा कॉलोनी में नाली व सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 23 में सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 34 अशोक कैटर्स से पन्ना भगत की लैन तक नाला निर्माण तथा वार्ड संख्या 42 में बैंक कॉलोनी डॉ. रेपु शर्मा से श्रीनगर रोड तक सिमेन्ट सड़क, एमकेजैन की गली में सीसी सड़क, एसएल चौहान की गली नम्बर 3 में सीसी सड़क के लिए 7-7 लाख, वार्ड संख्या 26 पंचवटी कॉलोनी गली नम्बर 7 के लिए 6 लाख, वार्ड संख 27 खालसा पैट्रोल पम्प के पास सड़क व नाली निर्माण, परबतपुरा गली नम्बर 2 में सड़क नाली निर्माण, वार्ड संख्या 32 गहलोत वैल्डिंग के पास विजय गुप्ता के प्लॉट से सीसी सड़क निर्माण, वार्ड संख्या 36 रेलवे अण्डर ब्रिज के पास कॉलोनी में सड़क व नाली निर्माण तथा वार्ड संख्या 39 गैस गोदाम चौराहा के पास दिलीप उबाना से सूरजमल वर्मा तक नाली निर्माण के लिए 5-5 लाख, वार्ड संख्या 36 तानाजी नगर गली नम्बर 14 में सड़क निर्माण के लिए 3 लाख 65 हजार, वार्ड संख्या 34 गाड़िया लौहार बस्ती में सामुदायिक भवन पुर्ननिर्माण तथा वार्ड संख्या 42 बैंक कॉलोनी में नाली निर्माण पर 3-3 लाख एवं वार्ड संख्या 34 झलकारी नगर में सामुदायिक भवन जीर्णोद्धार के लिए 2 लाख की राशि व्यय करने की अनुशंषा की है।

उपचुनाव के दिन रहेगा अवकाश
अजमेर, एक जून। जिला कलक्टर आरती डोगरा ने एक आदेश जारी कर जिले में नगरीय निकाय व पंचायतीराज संस्थाओं के उपचुनाव के दौरान मतदान दिवस मंगलवार 12 जून को निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
नगर पालिका पुष्कर के वार्ड संख्या 16, पंचायत समिति श्रीनगर के पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्र संख्या 25, श्रीनगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सनोद में वार्ड संख्या 4, रामनेर ढाणी में वार्ड संख्या 3, बबाईचा में वार्ड संख्या 2, पीसांगन की जेठाना में वार्ड संख्या 12, सरवाड़ की जोताया में वार्ड संख्या 10, मसूदा की सतावडिया के वार्ड संख्या 9 तथा भिनाय की पड़ांगा के वार्ड संख्या एक के लिए उपचुनाव 12 जून को होंगे। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में इस दिन अवकाश रहेगा। पुर्नमतदान की स्थिति में भी मतदान क्षेत्र में पुर्नमतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

सिविल सेवा परीक्षा 3 जून को, कार्यशाला आयोजित
अजमेर, एक जून। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चंद शर्मा की अध्यक्षता में संघ लोक सेवा आयोग के द्वारा 3 जून को आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारम्भिक परीक्षा 2018 के संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
श्री शर्मा ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा भारत की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता परीक्षा है। इसके संबंध में समस्त व्यवस्थाएं माकुल होनी चाहिए। इस परीक्षा के लिए 28 केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाएगी। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से 10 मिनट पूर्व केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा एवं परीक्षार्थी तथा स्टॉफ सहित किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी। अनुचित साधन की रोकथाम के लिए परीक्षा भवन में इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजीटल उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। ओएमआर शीट 5 मिनट तथा प्रश्न बुकलेट 3 मिनट पहले उपलब्ध करवायी जाएगी।
उन्होंने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार ही समस्त कार्य सम्पादित किए जाएंगे। विशेष परिस्थितियों में सम्पर्क के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसके फोन नम्बर 0145- 2422517 है। परीक्षा केन्द्रों पर मोबाइल का उपयोग रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे। परीक्षा केन्द्र प्रभारी लैण्डलाइन के माध्यम से कंट्रोल रूम के सम्पर्क में रहेंगे। परीक्षा केन्द्र प्रभारी को मोबाइल की अनुमति दी गई है। यह मोबाइल प्रभारी के कक्ष में ही रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह परीक्षा 3 जून को दो सत्रों में सम्पादित होगी। पहला सत्र प्रातः 9.30 बजे से 11.30 बजे तक तथा द्वितीय सत्र 2.30 बजे से 4.30 बजे तक होगा। परीक्षार्थियों के सहयोग के लिए प्रत्येक केन्द्र पर दो-दो मार्गदर्शक वीक्षक तैनात किए जाएंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र विश्नोई ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर 5 पुरूष – महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनके द्वारा परीक्षार्थियों की प्रत्येक पारी में सघन जांच की जाएगी। विशेष परिस्थिति में पुलिस विभाग के नियंत्रण कक्ष से सम्पर्क किया जा सकेगा। इसके नम्बर 0145-2621349, 2629166 एवं 8764853800 है।
इस अवसर पर संघ लोक सेवा आयोग के पर्यवेक्षक श्री शिवराम कृष्णन, सहायक परीक्षा प्रभारी श्री भागचंद मण्डावलिया एवं सहायक नोडल श्री सतीश सैनी सहित परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

महानरेगा के तहत 356 कार्यों के लिए 45 करोड़ 4 लाख 24 हजार रूपए स्वीकृत
अजमेर, एक जून। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारन्टी स्कीम के तहत जिले की मसूदा, पीसांगन, श्रीनगर, सिलोरा, भिनाय एवं केकड़ी पंचायत समिति में 356 कार्यों के लिए 45 करोड़ 4 लाख 24 हजार रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
जिला कलक्टर आरती डोगरा ने बताया कि योजनान्तर्गत मसूदा पंचायत समिति में 37 कार्यों के लिए 2 करोड़ 86 लाख 86 हजार रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। जबकि पीसांगन में 134 कार्यों के लिए 14 करोड़ 47 लाख 61 हजार रूपए, श्रीनगर में 44 कार्यों के लिए 5 करोड़ 73 लाख 91 हजार रूपए, सिलोरा में 130 कार्यों के लिए 20 करोड़ 63 लाख 48 हजार रूपए, भिनाय में 6 कार्यों के लिए 71 लाख 38 हजार रूपए तथा केकड़ी पंचायत समिति में 5 कार्यों के लिए 61 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।

error: Content is protected !!