आचार्यश्री की महाआरती सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे

केकड़ी
शहर के देवगांव गेट स्थित चन्द्रप्रभु चैत्यालय में विद्यासागर प्रवचन हॉल में आचार्य विद्यासागर महाराज के संयम स्वर्ण महोत्सव वर्ष के अंतिम दिन के तहत आचार्य श्री की महाआरती सहित अन्य कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इस दौरान श्रद्धालुओ द्वारा पंडित सुमित जैन के मंत्रोच्चारण के साथ प्रातः 6.30 बजे जिन प्रतिमाओं का रजत कलशों से जलाभिषेक पश्चात मुख्य पात्रों द्वारा शांतिधारा की जायेगी। इसी दौरान जल, चंदन, अक्षत, पुष्प, नैवेद्य, द्वीप, धूप, फल, अर्ध अष्ट द्रव्यो से विशेष संगीतमय पूजन की जायेगी। सायंकालीन 7.30 बजे से भक्ति संगीत, आचार्य विद्यासागर महाराज की विशेष महाआरती की जायेगी। इसी समय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा जिसमें चन्द्रप्रभु पाठशाला के नन्हे -मुन्ने बालक-बालिकाओ द्वारा विघाधर से विघासागर नामक नाटिका का मंचन किया जायेगा। दिगम्बर जैन समाज मंत्री नरेश जैन ने बताया कि जैनाचार्य विघासागर महाराज की दिगम्बरी दीक्षा पचास वर्ष पूर्व 30 जून 1968 को अजमेर में आचार्य ज्ञानसागर महाराज के द्वारा हुई थी। इसी संदर्भ में पूरे भारत वर्ष में आचार्य के दीक्षा के पचासवें वर्ष को संयम स्वर्ण महोत्सव वर्ष 28 जून 2017 से 17 जुलाई 2018 आषाढ़ शुक्ल पंचमी तक आचार्य श्री को विनयांजलि के रूप में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर मनाया जा रहा है। इसके अंतिम दिन 17 जुलाई को विसर्जन में पूरे भारत वर्ष में एक साथ एक ही समय में आचार्य विद्यासागर महाराज की महाआरती की जायेगी। आचार्य श्री द्वारा संयम के इन पचास वर्षों में अनेक ग्रामों, नगरों, शहरों में पदविहार करते हुए अपने चिंतन, ज्ञान, ध्यान, प्रवचन के माध्यम से जन-जन के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया।

error: Content is protected !!