बोराज गांव में मिडिल स्कूल सैकण्ड्री स्तर पर क्रमोन्नत

अजमेर, 27 जुलाई। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के उन्नयन का वादा पूरी गम्भीरता के साथ पूरा किया है। हमारी सोच है कि गांव का बच्चा अपनी स्कूली शिक्षा गांव में ही पूरी करे। हमने प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सीनियर सैकण्डरी स्कूल खोला। पिछले चार साल में राज्य में 7 हजार स्कूल क्रमोन्नत किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का आधार बढ़ा है।

शिक्षा राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी का आज बोराज गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत करने पर ग्रामीणों ने अभिनन्दन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोंधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि साढे़ चार साल पहले जब हम सरकार में आए तो राजस्थान में शिक्षा की स्थिति बेहद दयनीय थी। हम पूरे देश में शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर थे। हमने राजस्थान की शिक्षा को बदलने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास किए। ग्रामीण क्षेत्र से इस बदलाव की शुरूआत की गई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की सोच है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को स्थानीय स्तर पर ही इतना सशक्त कर दिया जाए कि स्कूली शिक्षा के लिए विद्यार्थी को बाहर नहीं जाना पडे़। इसी सोच के साथ हमने प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सीनियर सैकण्डरी स्तर का स्कूल खोला। ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों को क्रमोन्नत किया गया। राज्य में 7 हजार स्कूलों को क्रमोन्नत किया गया है। आजादी के बाद पहली बार ऎसा हुआ कि बिना राजनीति भेदभाव एक साथ इतने विद्यालय क्रमोन्नत किए गए।

श्री देवनानी ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में राजस्थान की शिक्षा में एक युग बदल गया है। राज्य अब शिक्षा के क्षेत्र में देश में दूसरे स्थान पर है। हमने शिक्षकों की समस्याओं को समझा और उनके निराकरण के प्रयास किए। आजादी के बाद पहली बार सवा लाख से ज्यादा शिक्षकों को पदोन्नति दी गई। शिक्षकों के रिक्त पदों को नई भर्ती से भरा गया। स्कूलों को भौतिक संसाधन उपलब्ध कराए गए। आज राजस्थान के अभिभावक चाहते हैं कि उनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ें। लाखों नए नामांकन और शैक्षिक गुणवत्ता इसका सबूत है कि राजस्थान की शिक्षा ने सफलता के नए सोपानों को छुआ है। हमारे शिक्षा परिवार के साथ हम जल्द ही देश में नम्बर एक पर होंगे। सरकारी स्कूलों में हुए नवाचारों को पूरे देश में सराहा गया है। पूरे देश में राजस्थान की शिक्षा का अनुसरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला प्रमुख वंदना नोगिया, अध्यक्ष श्री अरविंद यादव, प्रधान सुनिता रावत, पंचायत समिति सदस्य महेन्द्र सिंह रावत, श्री राजकुमार ललवानी, सरपंच मतिया भाट, रतन सिंह रावत सहित बडी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

error: Content is protected !!