मतदाता सूचियों का द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम

मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 31 जुलाई को

अजमेर, 27 जुलाई। जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचन सूचियों के द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन 31 जुलाई को किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री अश्विनी भगत की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉफ्रेसिंग के माध्यम से निर्वाचन संबंधी विषयों पर आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जिले में द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए एक जनवरी 2018 की आर्हता के आधार पर मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 31 जुलाई को होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी आरती डोगरा ने बताया कि जिले में पुनर्गठित मतदान केन्द्रों के अनुसार विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के प्रारूप का 31 जुलाई को प्रकाशन किया जाएगा। मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के तहत केन्द्रों का भौतिक सत्यापन करवाया गया तथा वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। पुनर्गठित मतदान केन्द्रों के अनुसार बीएलओ एवं सुपरवाईजरों की नियुक्ति संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी के द्वारा की जाएगी। राजनैतिक दलों से समस्त मतदान केन्द्रों पर बीएलए नियुक्त करने के लिए सम्पर्क किया गया है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों के द्वितीय पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए आगामी 11 एवं 18 अगस्त को वार्ड सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिले में समस्त विशेष योग्यजनों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से पेंशन प्राप्त कर रहे दिव्यांगों की सूची को आधार बनाया जाएगा। जिले के पात्र युवाओं का पंजीकरण किया जाएगा। इसके लिए बीएलओ सघन सम्पर्क करके अपने क्षेत्र के वंचित मतदाताओं के नाम जोड़ेंगे। साथ ही मृत, प्रवासी एवं दोहरे नाम वाले मतदाताओं की प्रविष्टियों को हटाया जाएगा।

वीडियो कॉफ्रेंसिंग में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री के.के.शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द शर्मा भी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!